विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kangra News: महिला के अंतिम संस्कार की थी तैयारी, लोगों ने शरीर पर घाव देख पुलिस बुलाई तो निकला मर्डर केस

By Jagran News Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 10 Jan 2026 01:55 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नगरोटा सूरियां में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की लोहे ...और पढ़ें

कांगड़ा के नगरोटा सूरियां में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। प्रतीकात्मक फोटो

कांगड़ा के नगरोटा सूरियां में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. शराब के नशे में पति ने पत्नी की रॉड से हत्या की।

  2. हृदयाघात बताकर अंतिम संस्कार की तैयारी, चोटें देखकर शक हुआ।

  3. पुलिस ने आरोपी सोनू को गिरफ्तार किया, हत्या का मामला दर्ज।

संवाद सहयोगी, नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगरोटा सूरियां रेलवे स्टेशन के नजदीक रहने वाले पंजाब के रोपड़ निवासी 35 वर्षीय युवक सोनू ने शराब के नशे में धुत होकर लोहे की रॉड से पत्नी पर वार कर हत्या कर दी।

उसके अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी, लेकिन रिश्तेदार महिलाओं ने शरीर पर चोट के निशान देखे तो शक हुआ। पूछताछ करने पर आरोपित सोनू वहां से भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।

इसकी सूचना पंचायत प्रधान को देकर मौके पर पुलिस बुलाई गई। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वीरवार रात को उसने शराब का सेवन किया था। किसी बात पर पत्नी के साथ झगड़ा हो गया। तैश में आकर उसने लोहे की रॉड से उस पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

10 साल से नगरोटा सूरियां में रह रहा, की थी दूसरी शादी

वह दस साल से नगरोटा सूरियां रेलवे स्टेशन की दुकान पर बने कमरों में परिवार सहित किराये पर रह रहा है। वह बहरूपिया बनकर लोगों का मनोरंजन कर पैसा कमाता है। साथ में स्क्रैप का काम भी करता है। उसने दूसरी शादी की थी और उसके दो बच्चे हैं। 

लोगों को बताया हृदयाघात हो गया

शुक्रवार सुबह उसने पास ही किराये पर रह रहे दूसरे राज्य के पड़ोसियों को बताया कि उसकी पत्नी की हृदयाघात से मौत हो गई है। पड़ोसी उसे श्मशानघाट ले जाने की तैयारी करने लगे। 

शव को नहलाने के दौरान हुआ खुलासा

जब महिलाओं ने शव को नहलाने के लिए कपड़े उतारे तो उस पर गहरी चोट के निशान पाए गए। महिलाओं ने आशंका जताकर सोनू से इस बारे में पूछा तो वह मौके से भागने लगा। 

डीएसपी ने तुरंत लिया एक्शन

सूचना मिलते ही जवाली के डीएसपी वीरी सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर तथ्य एकत्रित किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेजा गया। आरोपित सोनू के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लकया गया है।

यह भी पढ़ें: शिमला के चलौंठी में 6 मंजिला इमारत में अचानक आई दरारें, एक होटल व अन्य मकान भी किए खाली; दहशत में लोग

यह भी पढ़ें: सिरमौर बस हादसे के पीड़ितों की मदद को आगे आया जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानूनी सहायता प्रदान कर दिलाएंगे मुआवजा