'आज चुनाव हों तो गिर जाएगी सुक्खू सरकार', बाढ़ पीड़ितों की अनदेखी का आरोप लगाकर धर्मशाला के MLA सुधीर शर्मा ने साधा कांग्रेस पर निशाना
धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार पर आपदा पीड़ितों के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र ने हिमाचल को आवास योजना के तहत एक लाख मकान दिए हैं। शर्मा ने दावा किया कि यदि आज चुनाव हों तो सुक्खू सरकार गिर सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर सदन को गुमराह करने और मित्रमंडली को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि आपदा प्रभावित पीड़ितों को लेकर प्रदेश सरकार संवेदनशील नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हिमाचल को एक लाख मकान मिले हैं। पंचायत की ओर से जितने भी मकान बनाने के मामले केंद्र सरकार को भेजे उन्हें मंजूरी मिली है। इसकी पहली किस्त भी सभी लाभार्थियों को जारी हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में आज विधानसभा चुनाव हो जाएं तो सुक्खू सरकार का तख्ता पलट हो सकता है। विधानसभा में जब भी मुख्यमंत्री से प्रश्न पूछे जाते हैं, तो वह गलत आंकड़े पेशकर सदन को गुमराह करने का काम करते हैं। स्मार्ट सिटी के कामों की समय आने पर जांच होगी। अच्छा होता मुख्यमंत्री सुक्खू डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा में रोबोट सर्जरी से पहले रिक्त पड़े पदों पर डाक्टरों की नियुक्ति करते।
सुक्खू सरकार मित्रमंडली को ही लाभ दे रही है। होटलों को लीज आउट करने का प्रयास चल रहा है। गरीब कब्जाधारियों का पक्ष सरकार सही ढंग से नहीं रख सकी है। कब्जाधारियों को वर्गीकृत करना जरूरी था। सरकार को सुप्रीम कोर्ट में जाना चाहिए, लेकिन नहीं गए। अब वह कोर्ट जाएंगे।
एसडीआरएफ में जहां यूपीए सरकार ने 10 वर्ष में 947 करोड़ दिए, वर्तमान में 3190 करोड़ मोदी सरकार ने दिए हैं। सदन में मुख्यमंत्री कह रहे थे कि 10 हजार करोड़ का नुकसान हुआ, फिर 5,000 करोड़ का कह रहे थे।
2023 से अब तक केंद्र सरकार हिमाचल को 5,300 करोड़ रुपये की सहायता दे चुकी है। इस मौके पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा, प्रदेश भाजपा मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु व जिला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।