विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धर्मशाला में 16 नवंबर से विधानसभा का शीतकालीन सत्र, चप्पे-चप्पे पर पुलिस व ड्रोन का पहरा, सेक्टर्स में बंटेगा शहर  

Published: Thu, 12 Nov 2026 12:29 PM (IST)

हिमाचल के धर्मशाला में 16 से 21 नवंबर तक होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए तैयारियां तेज (फाइल फोटो)

हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए तैयारियां तेज (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 16 से 21 नवंबर तक चलेगा छह दिवसीय शीतकालीन सत्र।

  2. वीआईपी आवाजाही के लिए सुरक्षा व यातायात प्रबंधन पुख्ता।

  3. धरने-प्रदर्शनों पर ड्रोन से रखी जाएगी विशेष नजर।

नीरज व्यास, धर्मशाला। तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में 16 से 21 नवंबर तक होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी दो दिन में शहर की सड़कों पर लाल और नीली बत्ती लगी गाड़ियों के काफिले और सायरन की गूंज सुनाई देने लगेगी। वीआइपी और वीवीआइपी मूवमेंट बढ़ने के साथ धर्मशाला में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जाएगी। छह दिवसीय शीतकालीन सत्र के दौरान माननीयों की सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।

14वीं विधानसभा का यह 13वां शीतकालीन सत्र 16 नवंबर को दोपहर दो बजे शुरू होगा। सत्र के दौरान बेरोजगारी, महंगाई, सरकार की गारंटियों और विभिन्न विधायी कार्यों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस होने के आसार हैं।

विधानसभा सचिवालय को अब तक 400 से अधिक सवाल और कई नोटिस मिले हैं। ऐसे में विपक्ष जहां सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार कर रहा है वहीं सरकार के विधायक भी विकास कार्यों और उपलब्धियों के आंकड़ों के साथ सवालों का जवाब देने की तैयारी में जुटे हैं।

धर्मशाला में पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर में वीआइपी मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा जवानों के साथ यातायात पुलिस की भी तैनाती की जाएगी। अधिकारियों की प्राथमिकता रहेगी कि विधानसभा परिसर तक पहुंचने वाले माननीयों के काफिले जाम में न फंसें और लोगों को भी आवाजाही में परेशानी न हो।

ठहराव स्थलों से विधानसभा तक सुरक्षा घेरा, सेक्टरों में बंटेगा शहर

माननीयों के रात्रि ठहराव स्थलों से लेकर तपोवन विधानसभा परिसर तक सुरक्षा और यातायात के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। डाढ, गगल, नड्डी व खनियारा सहित उन क्षेत्रों पर विशेष नजर रहेगी, जहां माननीयों के ठहरने की व्यवस्था की जाती है। विधानसभा परिसर के गेटों पर सुरक्षा जवान तैनात रहेंगे।

यह भी पढ़ें- हिमाचल विधानसभा: दिवाली के बाद सुक्खू सरकार का धर्मशाला में आखिरी शीतकालीन सत्र, तपोवन में 6 दिन चलेगी कार्यवाही

परिधि गृह व और मिनी सचिवालय में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करेगी। इसके तहत शहर के अलग-अलग क्षेत्रों को सेक्टरों में बांटकर वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। यातायात पुलिस के जवान प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे, ताकि वीआइपी मूवमेंट के दौरान लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।

धरने-प्रदर्शनों पर भी रहेगी पुलिस की नजर, ड्रोन से होगी निगरानी

शीतकालीन सत्र के दौरान विभिन्न संगठनों की ओर से धरने व प्रदर्शन करने की संभावना को देखते हुए पुलिस पहले से ही रणनीति तैयार करेगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा जवान तैनात किए जाएंगे। प्रदर्शन और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। पुलिस का प्रयास रहेगा कि सत्र के दौरान अव्यवस्था न हो और विधानसभा की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

पिछले सत्र में हुई थी आठ बैठकें, खर्च करीब दो करोड़ रुपये तक

तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में वर्ष 2025 में पहली बार आठ बैठकें हुई थीं। यह रिकार्ड रहा, क्योंकि इससे पहले यहां इतनी बैठकें नहीं हुई थीं। शीतकालीन सत्र के आयोजन पर होने वाला खर्च भी लगातार बढ़ा है। पहले इस पर करीब एक से डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होते थे, लेकिन अब यह बढ़कर करीब दो करोड़ रुपये तक हो गया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल विधानसभा सत्र में सियासी घमासान के आसार, चर्चा के लिए 427 प्रश्न पहुंचे; 22 नोटिस भी प्राप्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।