Curfew: बेसहारा को सहारा दे रहीं मां बज्रेश्वरी, जरूरतमंदों को मुहैया करवाया जा रहा तीन वक्त भोजन
मां बज्रेश्वरी देवी का मंदिर लॉकडाउन में भी सैकड़ों बेसहारा उन लोगों को भोजन उपलब्ध करवा रहा है जो संकट की इस घड़ी में खाने से वंचित हैं।
कांगड़ा, जेएनएन। लाखों श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली मां बज्रेश्वरी देवी का मंदिर लॉकडाउन में भी सैकड़ों बेसहारा उन लोगों को भोजन उपलब्ध करवा रहा है, जो संकट की इस घड़ी में खाने से वंचित हैं। श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर न्यास की सराय में भी ऐसे लोगों को छत नसीब हुई है, जो कि लॉकडाउन व कफ्यरू के कारण घरों तक नहीं पहुंच पाए हैं। 22 मार्च से कफ्यरू व लॉकडाउन के कारण देशभर में लाखों लोग जहां थे, वहीं फंस गए हैं।
कांगड़ा में भी कई लोग ऐसे हैं जो घरों तक नहीं पहुंच पाए हैं। दुविधा की इस घड़ी में शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर न्यास की सराय में लगभग 24 से अधिक लोगों के रहने की व्यवस्था की गई है। कांगड़ा प्रशासन द्वारा मंदिर न्यास की मदद से लगभग रोजाना 100 से 130 लोगों को तीन समय का खाना उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने प्रदेश के सभी शक्तिपीठों के कपाट बंद करवा दिए हैं परंतु इस घड़ी में कई लोग ऐसे भी हैं, जो दो वक्त की रोटी की व्यवस्था नहीं कर पा रहे हैं। मंदिर के सहायक आयुक्त व उपमंडल अधिकारी जतिन लाल ने इन लोगों के लिए खाने की व्यवस्था मंदिर के लंगर भवन से करवाई हैं। पिछले आठ दिन से ऐसे लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था लंगर में की गई है।
43 लोगों को किया गया क्वारंटाइन
एसडीएम नूरपुर डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि लॉकडाउन के कारण रोजी रोटी से वंचित किसी भी अन्य राज्यों व स्थानीय जरूरतमंद परिवार को इस कठिन समय में भूखे पेट नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन की तरफ से ऐसे हर परिवार को संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। प्रशासन द्वारा अभी तक 236 परिवारों को रोजमर्रा की जरूरी वस्तुएं वितरित की जा चुकी हैं।
बुधवार को प्रशासन द्वारा 10 ऐसे जरूरतमंद परिवारों को जरूरी वस्तुएं वितरित की गईं। इस अवसर पर नायब तहसीलदार देसराज ठाकुर व रीडर प्रवीण कुमार भी उपस्थित थे। एसडीएम ने बताया कि मंगलवार को 43 लोगों को कंडवाल स्कूल में क्वारंटाइन किया गया था, जबकि सात लोगों को बुधवार को क्वारंटाइन किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।