यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Cloudburst In Manali: मनाली के बुरुआ गांव में बादल फटा, आधी रात को घरों में घुसा मलबा
Cloudburst In Manali हिमाचल में रात को भारी बारिश से जगह-जगह नुकसान हुआ है। मनाली के बुरुआ गांव में आधी ...और पढ़ें

मनाली, जागरण संवाददाता। Cloudburst In Manali, हिमाचल प्रदेश में रात को भारी बारिश से जगह-जगह नुकसान हुआ है। पर्यटन नगरी मनाली के बुरुआ गांव में आधी रात को बादल फटने से बाढ़ आ गई। बाढ़ आने से गांव में अफरा तफरी मच गई। बाढ़ का पानी व मलबा गांव में रिहायशी क्षेत्र में घुस गया। ग्रामीणों के घरों व बगीचों में दलदल आ गया। हालांकि गनीमत रही है कि बादल फटने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन ग्रामीणों के बगीचों व घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। बुरुआ पंचायत के वार्ड छह और चार के ग्रामीणों को अधिक नुकसान हुआ है। वार्ड छह के साथ लगते नाले में आधी रात 12 बजे फटे बादल ने गांव में भारी नुकसान पहुंचाया है।
यह भी पढ़ें: Himachal Weather Update: प्रदेश में आज चार जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट, रातभर जमकर बरसे मेघ
ग्राम पंचायत प्रधान चूड़ामणि ठाकुर ने बताया कि आधी रात जब बादल फटने से बाढ़ का पानी आया तो ग्रामीण सो रहे थे। बाढ़ के पानी की आवाज सुनकर ग्रामीण एकदम से जाग गए। बाढ़ का पानी घरों में घुसता देख ग्रामीण सहम गए। उन्होंने बताया कि वार्ड चार और छह के लोगों को अधिक नुकसान हुआ है।
बाढ़ के पानी ने सेब से भरे पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने बताया बादल फटने के मामले की जानकारी प्रशासन तक पहुंचा दी है। मनाली के तहसीलदार एनएस वर्मा ने बताया कि वह घटना स्थल का दौरा कर रहे हैं। लोगों के घरों व बगीचों में बाढ़ का पानी घुसने से नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने आज भी बारिश होने की संभावना जताई है। जिला कांगड़ा सहित प्रदेश के चार जिलों मंडी, सोलन व सिरमौर में भी बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं व तूफान चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक 24 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
