यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Cloudburst in Chamba : चंबा के चुवाड़ी व बनीखेत में बादल फटा, कई घरों को नुकसान, दो गाडिय़ां भी बहीं
Cloudburst in Chamba चंबा के चुवाड़ी व बनीखेत में वीरवार रात बादल फटा। इस कारण बने बाढ़ जैसे हालात से ...और पढ़ें

चंबा/चुवाड़ी, जागरण टीम। Cloudburst in Chamba, चंबा के चुवाड़ी व बनीखेत में वीरवार रात बादल फटा। इस कारण बने बाढ़ जैसे हालात से बनीखेत के पद्धर में काफी नुकसान हुआ है। पानी के बहाव से गाडिय़ों के अलावा घर व जमीनों को काफी नुकसान पहुंचा है।
करीब 30 घरों को नुकसान होने का अनुमान है, वहीं एक पिकअप पानी के बहाव में बह जाने से काफी दूर जा कर अटकी। पिकअप को काफी नुकसान पहुंचा है है। एक डिजायर गाड़ी के पानी में बह जाने की भी बात सामने आ रही है।
.jpg)
चुवाड़ी में नुकसान
चुवाड़ी के त्रिमथ में भी भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। पानी के बहाव से दो कारें और एक बाइक मलबे में दब गई हैं। कारों को जेसीबी व स्थानीय लोगों की मदद से निकाल लिया गया है। बाइक दो घरों की दीवारों के बीच में अटक गई है।
क्या कहती हैं नगर पंचायत अध्यक्ष
नगर पंचायत अध्यक्ष कुसुम धीमान ने बताया कि नगर पंचायत चुवाड़ी के वार्ड नंबर तीन में रात करीब तीन बजे यह घटनाक्रम हुआ है। बादल फटने से करीब आधा दर्जन घर मलबे की चपेट में आए हैं। घरों में मलबा भरने से घरों में दरारें आ गई हैं। स्थानीय निवासी जीवन कुमार, जोगिंदर सिंह, मदन लाल,रत्न चंद, प्रीतम चंद,उमर दीन,नजीर मुहम्मद के घरों को नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है रात को हुए नुकसान का आकलन कर रही है।
डीएस ठाकुर भी पहुंचे जायजा लेने
उधर जिला मार्केटिंग कमेटी के चेयरमैन डीएस ठाकुर व एसडीएम जगन ठाकुर ने बनीखेत में पहुंचकर बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया है। राजस्व विभाग की ओर से भी मौके पर पहुंच कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं प्रशासन की ओर से प्रभावितों को फौरी राहत देने के साथ अन्य तरह की व्यवस्था की जा रही है।
