प्रदेशभर में स्वच्छता के मामले में तीसरे स्थान पर रहा पालमपुर अस्पताल Kangra News
सिविल अस्पताल पालमपुर ने लगातार तीसरे वर्ष भी स्वच्छता में इनाम हासिल किया है। नेशनल हेल्थ मिशन के तहत प्रति वर्ष प्रदेश में स्वच्छता के मामले में अव्वल आने वाले अस्पतालों को इनामी राशि भेंट की जाती है।
पालमपुर, संवाद सहयोगी। सिविल अस्पताल पालमपुर ने लगातार तीसरे वर्ष भी स्वच्छता में इनाम हासिल किया है। नेशनल हेल्थ मिशन के तहत प्रति वर्ष प्रदेश में स्वच्छता के मामले में अव्वल आने वाले अस्पतालों को इनामी राशि भेंट की जाती है। सिविल अस्पताल ने इससे पहले भी इस अभियान में पहला व सांत्वना पुरस्कार हासिल कर प्रदेश में सिविल अस्पताल का नाम रोशन किया है। नेशनल हेल्थ मिशन के तहत प्रदेश भर के अस्पतालों में प्रति वर्ष स्वच्छता का आंकलन करते हुए वर्ष 2020 में सिविल अस्पताल पालमपुर को तीसरे स्थान पर आंका गया है।
इसके तहत अस्पताल को 10 लाख रुपये की इनामी राशि भई हासिल होगी, जबकि किन्नौर जिला के सिविल अस्पताल रिकांगपियो को पहले स्थान पर 25 लाख रुपये व जिला मंडी के सिविल अस्पताल सरकाघाट को दूसरे नंबर पर रहने के लिए 15 लाख रुपये बतौर इनाम हासिल होंगे। सिविल अस्पताल पालमपुर के नोडल अधिकारी डा. केएल कपूर ने बताया कि सिविल अस्पताल पालमपुर को स्वच्छता के चलते नेशनल हेल्थ स्कीम के तहत 10 लाख रुपये का पुरस्कार मिला है।
यह राशि शीघ्र ही अस्पताल प्रशासन में सुविधाओं के लिए मिलेगी। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल पालमपुर को इससे पहले भी पहले नंबर पर आंका गया है, वहीं एक बार सांत्वना पुरस्कार के रूप में धनराशि मिल चुकी है। सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनय महाजन ने अस्पताल को तीसरे नंबर पर आने की पुष्टि करते हुए बताया कि नेशनल हेल्थ मिशन के सर्वेक्षण में स्वच्छता पर संतुष्टि जताते हुए अस्पताल को तीसरे स्थान पर आंका है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान भी सिविल अस्पताल पालमपुर में बेहतर कार्य हुआ है तथा अब टीकारकण अभियान में भी सिविल अस्पताल पालमपुर प्रदेश में अग्रणी रहा है।