देहरा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष का कैलेंडर विवाद में घिरा
कांग्रेस देहरा के अध्यक्ष की ओर से नए साल पर जारी किया गया पार्टी का कैलेंडर विवाद में आ गया है। पार्टी अध्यक्ष ने कैलेंडर पर कांग्रेस को देश की मां बताते हुए लोगों से सदस्यता ग्रहण करने की अपील की है। पार्टी को देश की मां बताने के पीछे उनके तर्क भी हैं। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने इसे देश का अपमान बताया है।

सुनील राणा, देहरा
ब्लाक कांग्रेस देहरा के अध्यक्ष की ओर से नए साल पर जारी किया गया पार्टी का कैलेंडर विवाद में आ गया है। पार्टी अध्यक्ष ने कैलेंडर पर कांग्रेस को देश की मां बताते हुए लोगों से सदस्यता ग्रहण करने की अपील की है। पार्टी को देश की मां बताने के पीछे उनके तर्क भी हैं। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने इसे देश का अपमान बताया है। भाजपा का कहना है कि यह कांग्रेस नेताओं के गिर चुके मानसिक स्तर का सुबूत है। ऐसा करना देश का अपमान है।
देहरा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने बुधवार को पार्टी की ओर से कैलेंडर जारी किया। इस पर दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व मंत्री जीएस बाली समेत प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विप्लव ठाकुर की तस्वीरें लगाई गई हैं। कैलेंडर जारी होने के कुछ ही देर बाद यह इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। देखते ही देखते हरिओेम भाजपा के निशाने पर आ गए। भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि किसी पार्टी को आखिर देश की मां कैसे बताया जा सकता है। दुर्भाग्य की बात है कि केंद्र में कई साल तक राज करने वाली कांग्रेस के नेता देश का सम्मान करना नहीं जानते हैं। कहा कि जनता की ओर से हर स्तर पर ठुकराई जा चुकी कांग्रेस अब लोगों को गुमराह करने की कोशिश में निम्न स्तर पर उतर आई है। ऐसा करने के लिए कांग्रेस को लोगों से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा के जिला महामंत्री अभिषेक उपाध्याय का कहना है कि यह कांग्रेस नेताओं के गिर चुके मानसिक स्तर का सुबूत है। ऐसा करना देश का अपमान है।
..
कांग्रेस ने देश को आजाद करवाया है। यदि किसी और ने करवाया हो तो वह भी श्रेय ले सकता है। कांग्रेस में मां का दिल है। जैसे मां अपने कमजोर और छोटे बच्चे का अपेक्षाकृत ज्यादा ध्यान रखती है। वैसा कांग्रेस ने किया है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण आइआरडीपी और बीपीएल जैसी कल्याणकारी योजनाएं हैं। आरक्षण भी कांग्रेस की ही देन है। इसकी बदौलत दबे कुचले लोगों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। भूमिहीनों को भूमि भी अलाट करवाई। कांग्रेस की बदौलत ही सैकड़ों रियासतों को मिलाकर देश बना है।
-हरि ओम शर्मा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।