Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Mandi Pathankot Four Lane: ठानपुरी से परौर तक फोरलेन की जद में आएंगे 180 भवन, मुआवजा देगा संबल

    By Edited By:
    Updated: Wed, 13 Jul 2022 08:17 AM (IST)

    Mandi Pathankot Four Lane पठानकोट मंडी फोरलेन के तहत ठानपुरी से परौर तक के चरण के लिए केंद्र सरकार की ओर से जारी किए बजट के बाद स्थानीय प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू कर दिया है।

    Hero Image
    ठानपुरी से परौर तक स्थानीय प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू कर दिया है। प्रतीकात्‍मक फोटो

    नगरोटा बगवां, नीरज दुसेजा। पठानकोट-मंडी फोरलेन के तहत ठानपुरी से परौर तक के चरण के लिए केंद्र सरकार की ओर से जारी किए बजट के बाद स्थानीय प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू कर दिया है। फोरलेन की जद में आने वाले परिवारों से प्रशासनिक टीमें जानकारियां ले रही हैं और उनसे आठ पन्नों का फार्म भरवाया जा रहा है, ताकि मुआवजा देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। ठानपुरी-परौर के बीच बनने वाले फोरलेन की जद में 180 भवन आएंगे। राजस्व विभाग ने भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू कर दिया है। इसके अलावा करीब 1200 पेड़ भी आएंगे। वन व उद्यान विभाग ने पेड़ों की गिनती शुरू कर दी है। राजस्व विभाग की ओर से जद में आने वाले भवनों की कीमत डाली जा रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की ओर से लगभग 815 करोड़ रुपये का बजट जारी करने के बाद विभाग इस कोशिश में जुट गया है कि हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की घोषणा से पूर्व इस कार्य का टेंडर होकर अवार्ड किया जा सके। ठानपुरी से परौर तक 12.8 किलोमीटर फोरलेन का निर्माण कार्य पूरा होने से लोगों को राहत मिलेगी। नगरोटा बगवां बाजार से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।

    मुआवजे के लिए अलग-अलग मानक

    राजस्व विभाग ने मुआवजा देने के लिए अलग-अलग मानक निर्धारित किए हैं। कृषि योग्य भूमि यदि जद में आ रही है तो उसका अधिक मुआवजा मिलेगा जबकि बंजर भूमि की कीमत कम डाली जा रही है। फोरलेन का टेंडर होने के बाद इस कार्य को 21 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

    मुहालकड़ में बनाया जाएगा टोल प्लाजा

    ठानपुरी-61 मील के बीच बनने वाले फोरलेन के तहत मुहालकड़ में टोल प्लाजा बनाया जाएगा। यहां वाहनों में सफर करने वालों को जेब ढीली करनी पड़ेगी। टोल प्लाजा में स्थापित होने वाली सभी छह लेन से गुजरने वाले वाहन से टोल लिया जाएगा।

    30 से 45 मीटर होगी सड़क की चौड़ाई

    ठानपुरी के पास फोरलेन की चौड़ाई 30 मीटर होगी। बीच में 45 मीटर तथा टोल प्लाजा के स्थान पर 70 मीटर सड़क की चौड़ाई निर्धारित की गई है।

    मलां रेलवे क्रासिंग में बनेगा फ्लाईओवर

    मलां रेलवे क्रासिंग में फ्लाईओवर बनाया जाएगा। हालांकि अभी तक फ्लाईओवर की लंबाई पर अंतिम मुहर नहीं लगी है, लेकिन अनुमान यही लगाया जा रहा है कि फ्लाईओवर करीब एक किलोमीटर का होगा। क्रासिंग की दोनों ओर 500-500 मीटर का क्षेत्र लिया जाएगा।

    थ्रीडी प्रोसेस से तैयार किया है मैप

    पठानकोट-मंडी फोरलेन का मैप थ्रीडी प्रोसेस की मदद से तैयार किया है। थ्रीडी प्रोसेस के तहत जहां-जहां से फोरलेन निकलना है उन क्षेत्रों का एक मैप तैयार किया जाता है। इसके तहत जो भी प्रभावित होता है उसकी पूरी जानकारी प्रशासन के पास होती है। इससे मुआवजा प्रक्रिया को पूरा करने में आसानी होती है। हालांकि चार गुना मुआवजे के विरोध में नूरपुर के लोगों ने विरोध संबंधित प्रशासन के समक्ष जताया है। थ्रीडी प्रोसेस पूरा होने के बाद यह स्थिति साफ हो जाएगी कि कौन कितना प्रभावित हो रहा है।

    ठानपुरी से अंबाड़ी तक बनेगा बाईपास

    फोरलेन के तहत ठानपुरी से लेकर अंबाड़ी तक बाईपास बनाया जाएगा। बाईपास ठानपुरी से शुरू होकर कायस्थबाड़ी स्थित मदन मोहन मालवीय स्कूल के साथ होते हुए मुहालकड़, पटियालकड़ व अंबाड़ी जाकर निकलेगा। नगरोटा बगवां शहर को उजड़ने से बचा लिया गया है।

    अलग अलग मानकों में दिया जाएगा मुआवजा

    फोरलेन के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू की गई है। 12.8 किलोमीटर बनने वाले फोरलेन से संबंधित प्रक्रिया को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। भवनों का अलग-अलग मानकों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। भूमि अधिग्रहण के लिए अलग-अलग मुआवजा प्रदान किया जाएगा। -मुनीष कुमार, एसडीएम नगरोटा बगवां।