करवा चौथ : लाइटवेट साड़ी व आर्टिफिशियल ज्वेलरी की मांग
पति की दीर्घायु की मंगलकामना का व्रत करवा चौथ 24 अक्टूबर को है। इसके लिए महिलाओं की खरीदारी शुरू हो चुकी है।
जागरण संवाददाता, चंबा : पति की दीर्घायु की मंगलकामना का व्रत करवा चौथ 24 अक्टूबर को है। महिलाओं के सबसे खास व्रत के लिए चंबा बाजार पूरी तरह से सज चुका है। बाजारों में खरीदारी के लिए महिलाओं और युवतियों की भीड़ उमड़ रही है।
इस बार बाजार में लाइटवेट (कम वजनी) साड़ियों और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की मांग है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में भरपूर खरीदारी हो रही है, लेकिन ग्राहक इस बार सस्ती चीजों पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
कपड़ा व्यापारी का धीरज नंदा, धर्म पाल व शाम लाल का कहना है कि पिछले साल तक महिलाएं पांच से 7000 रुपये तक की साड़ियां करवा चौथ के दिन पहनने के लिए खरीदती थीं, लेकिन इस बार दो से 2500 की साड़ियों की मांग ज्यादा है। ग्राहकों के रुख को देखते हुए बाजार में हल्की एंब्रायडरी की साड़ियों की भरमार है। इसके अलावा गाउन व इंडो-वेस्टर्न ड्रेस की मांग भी नई नवेली दुल्हनों के बीच बनी हुई है। दुकानों पर सजे हैं विशेष स्टाल
दुकानों पर विशेष स्टाल सजाए गए हैं। विशेष तौर पर करवा चौथ पर करवे, नारियल, सुहागी के लिए अलग-अलग स्टाल सजाए गए हैं। इतना ही नहीं, महिलाओं को खरीदारी के लिए आकर्षित करने को लेकर अलग-अलग तरह के आफर भी दुकानदारों ने चलाए हैं। जगह-जगह मेहंदी के स्टाल भी सजना शुरू हो गए हैं। ब्यूटी पार्लर में भी जमकर बुकिग चल रही है। चांदी के बिछुए, पायल और हल्की चेन का आकर्षण
यही हाल सराफा बाजार का भी है। भारी हार व अन्य ज्वेलरी के बजाय महिलाएं चांदी के बिछुए, पायल और सोने में हल्की चेन व अंगूठी ज्यादा खरीद रहीं हैं। हल्की ज्वेलरी कोयंबटूर, मुंबई व बेंगलुरु से ज्यादा आ रही है। साड़ी के साथ मैचिग ज्वेलरी के अलावा चूड़ियों की भी खरीदारी हो रही है। इस बीच घर-घर पूजन के लिए करवा, सींक, कैलेंडर की खरीदारी भी जमकर हो रही है। सादे करवे जहां 25 से 30 रुपये तो डिजाइनर करवे 50 से 70 रुपये तक के बिक रहे हैं। इसके अलावा महिलाएं आर्टिफिशियल ज्वेलरी में लेटेस्ट डिजाइन को भी तवज्जो दे रही हैं। चंबा में आर्टिफिशियल ज्वेलरी बेचने वाले व्यापारियों ने दुकानें सजा रखी हैं। यहां महिलाएं अपनी पसंद की ज्वेलरी सस्ते दाम पर खरीद रही हैं। मिठाई-फैनियों के सजे स्टाल
करवा चौथ के लिए बाजार में मिठाई और फैनियों के स्टाल भी सजना शुरू हो गए हैं। फैनियों के साथ मठ्ठी और अन्य खाद्य उत्पाद के स्टाल भी लगाए गए हैं। सुहागिनें निखार रहीं सौंदर्य
इस पर्व पर सजने संवरने की चाह हर महिला की होती है। ऐसे में शहर के ब्यूटी पार्लर भी इस त्योहार पर पूरी तरह से पैक हैं। महिलाएं सुंदरता को निखारने के लिए ब्यूटी पार्लर पहुंच रही हैं।