Chamba News: पांगी में पुलिया टूटने से उफनते नाले में गिरे महिला व पुरुष, बचाने कूदा तीसरा शख्स मुश्किल से बचा, एक लापता
Chamba Pangi Bridge Damage हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के पांगी में एक दुखद घटना हुई। कड़ू नाला पर बनी अस्थायी पुलिया टूटने से दो लोग नाले में गिर गए जिसमें एक महिला लापता है। महिला को बचाने के प्रयास में एक और व्यक्ति घायल हो गया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और लापता महिला की तलाश जारी है।

संवाद सहयोगी, चंबा। Chamba Pangi Bridge Damage, आकांक्षी जिला चंबा के जनजातीय उपमंडल पांगी की ग्राम पंचायत शौर के कड़ू धार में थरशानी के समीप कड़ू नाला पर बनी अस्थायी पुलिया टूट गई, जिससे दो लोग नाले में गिर गए। इनमें से एक व्यक्ति निकलने में कामयाब हो गया। जबकि, एक महिला लापता है। इन्हें बचाने के लिए तीसरे व्यक्ति ने छलांग दी थी, वह भी बाल-बाल बच गया।
शौर पंचायत निवासी राजेश कुमार, राम सिंह, नात्री देवी, बिंदु, सुरेंद्र, सपना, सुगी, गुड्डी और नैना देवी कड़ू धार में बने अपने गोठ (अधवारी) में मवेशियों को पहुंचा कर वापस आ रहे थे। जब वे थरशानी नामक स्थान पर नाले पर बनी अस्थायी पुलिया को पार करने लगे तो अचानक पुलिया टूट गई।
महिला को बचाने के लिए कूदा व्यक्ति पर नहीं मिली कामयाबी
पुलिया टूटने से राम सिंह और नात्री देवी पत्नी धर्म चंद गहरे नाले में गिर गए। नात्री देवी की चीख सुनकर राजेश कुमार ने उसको बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन, पानी का तेज बहाव होने के कारण उसको बचा नहीं पाया।
घायल किलाड़ अस्पताल उपचाराधीन
घायल राजेश कुमार पुत्र भूरी सिंह निवासी शौर और राम सिंह पुत्र गुरदेव को रविवार को सिविल अस्पताल किलाड़ में दाखिल किया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। जबकि, लापता नात्री देवी की तलाश पुलिस की ओर से स्थानीय लोगों के सहयोग से की जा रही है।
अचानक आए झटके ने पानी से किनारे लगा दिया
पांगी के शौर निवासी राम सिंह ने कहा कि नाले पर बनी पुलिया पार करने से पहले मैंने गोठ में स्थापित नाग मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। देवता की कृपा से जान बच गई। नाले पर बनी पुलिया टूटी तो नीचे बहता पानी मुझे करीब 300 से 400 मीटर नीचे ले गया। अचानक एक झटका ऐसे आया कि मुझे पानी ने किनारे लगा दिया।
तैरना जानता था तो बच गया
घायल राजेश कुमार ने कहा कि कड़ू धार में हमारे गोठ हैं। जहां गर्मियों में मवेशियों को रखते हैं। शनिवार को जब मवेशियों को पंहुचा कर वापस आ रहे थे। इस दौरान उक्त लोग पुलिया पार कर रहे थे। अचानक महिला की चीखने-चिलाने की आवाज आई तो मैं उस ओर गया। देखा तो पुलिया के टूट जाने से दो लोग नाले के तेज बहाव वाले पानी में गिर गए थे। इनको बचाने की लिए मैं स्वयं पानी में कूद गया। इस दौरान महिला की ओर से पीठ पर उठाए सामान की रस्सी मेरे हाथ में आई थी। लेकिन, चोट आने से वह छूट गई। मेरे हाथ में पत्थर न आता तो मैं भी बह जाता। मैं तैरना जानता था इसलिए बच गया।
एंबुलेंस लेने आई पर रास्ते में हो गई खराब
घायल राजेश कुमार के पिता भूरी सिंह ने कहा कि पांगी की ग्राम पंचायत शौर में हुए हादसे के बाद शनिवार देर रात को घायल लोगों को शौर पहुंचाया। जहां रविवार को सुबह करीब सात बजे 108 को फोन किया। 108 किलाड़ से शौर के लिए रवाना भी हुई। लेकिन शौर पहुंचने से पहले बीच राह में खराब हो गई। घायल और उनके अभिभावक इंतजार करते रहे। लेकिन, 108 नहीं पहुंची। 10 बजे के करीब किलाड़ अस्पताल के खंड चिकत्साधिकारी से संपर्क कर दूसरी एंबुलेंस मंगवाई, उसमें किलाड़ पहुंचे।
शनिवार को ग्राम पंचायत शौर के कड़ू गोठ से आते समय थरशानी के पास पुलिया के टूटने से एक महिला की बह जाने की जानकारी मिली है। पटवारी और पुलिस टीम मौके पर गई है। उनके आने के बाद ही वास्तविक जानकारी मिल पाएगी।
-शांता कुमार ठाकुर, तहसीलदार पांगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।