चंबा के वांगल-मंगलेरा मार्ग पर कार खाई में गिरी, पति-पत्नी की मौत, बेटे की हालत नाजुक
चंबा जिले के सलूणी में वांगल-मंगलेरा मार्ग पर कार खाई में गिरने से पति-पत्नी की मृत्यु हो गई जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। गगलू गांव के घिसो अपनी पत्नी और बेटे के साथ रिश्तेदार से लौट रहे थे तभी मंदरोड़ी नाला के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संवाद सहयोगी, चंबा। जिला चंबा के सलूणी उपमंडल के तहत आने वांगल-मंगलेरा मार्ग पर कार के गहरी खाई में गिरने से इसमें सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार में कुल तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल को मेडिकल कॉलेज चंबा में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज चंबा की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार गगलू गांव निवासी घिसो अपनी धर्मपत्नी रजनी और बेटे मुकेश संग कार में सवार होकर अपने रिश्तेदार से मिलने के बाद वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में मंदरोड़ी नाला के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी ढांक से नीचे लुढ़क गई।
कार के गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत राहत व बचाव कार्य आरंभ करने के साथ पुलिस को सूचित किया।
स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को घायलावस्था में उठाकर वाहन के जरिए उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां चिकित्सक ने घिसो और रजनी को मृत घोषित करार दे दिया।
उधर, एसपी चंबा अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।