विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल: चंबा के संघणी बाजार में लगी भीषण आग, कई दुकानें जलकर खाक; व्यापारियों को लाखों का नुकसान 

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:02 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के संघणी बाजार में भीषण आग लगने से कई दुकानें जलकर राख हो गईं। इस अग्निकांड में दुकानदारों को लाखों रुपये का भारी नुकसान हुआ है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

आग की चपेट में आई कई दुकानें (जागरण फोटो)

आग की चपेट में आई कई दुकानें (जागरण फोटो)

HighLights

  1. संघणी बाजार में भीषण आग से कई दुकानें जलकर राख

  2. दुकानदारों को लाखों रुपये का भारी आर्थिक नुकसान हुआ

  3. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया

संवाद सहयोगी, चंबा। सलूणी उपमंडल के अंतर्गत संघणी बाजार में वीरवार तड़के अचानक आग लग गई। तड़के अचानक बाजार स्थित दुकानों में भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस भयंकर हादसे में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है, जिससे उनके समक्ष परिवार के पालन-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार, वीरवार तड़के जब क्षेत्र के लोग गहरी नींद में थे, तभी संघणी बाजार की एक दुकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं।

आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने या दुकानों के अंदर रखा कीमती सामान बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिल सका। भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए, साथ ही दमकल विभाग सलूणी को सूचना दी।

दमकल विभाग के कर्मचारियों ने पाया काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में जुट गए। हालांकि, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि तब तक कई दुकानें और उनमें रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

अग्निकांड के बाद बाजार में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है। प्रभावित दुकानदारों का कहना है कि यह दुकानें ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र जरिया थीं।

सब कुछ जल जाने से अब उनके सामने रोजी-रोटी के लाले पड़ गए हैं। स्थानीय लोगों और प्रभावित दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मौके पर टीम भेजकर नुकसान का आकलन किया जाए और पीड़ितों को जल्द से जल्द उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

यह भी पढ़ें- Himachal Weather: हिमाचल में -6.1 डिग्री तक पहुंचा तापमान, सीजन की सबसे सर्द रात रिकॉर्ड; घने कोहरे का भी अलर्ट

यह भी पढ़ें- मंडी में तत्तापानी के बाद पंडोह डैम में भी शुरू होंगी वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी, चलेंगे जेट स्की और मोटर बोट

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।