विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंडी में तत्तापानी के बाद पंडोह डैम में भी शुरू होंगी वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी, चलेंगे जेट स्की और मोटर बोट

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:34 AM (IST)

मंडी के तत्तापानी के बाद अब पंडोह बांध जलाशय में भी जलक्रीड़ाएं शुरू होंगी, जिसमें जेट स्की और मोटर बोट जैसी गतिविधियां शामिल हैं। 

पंडोह डैम में भी वाटर स्पोट्स एक्टिविटी शुरू होंगी। प्रतीकात्मक फोटो

पंडोह डैम में भी वाटर स्पोट्स एक्टिविटी शुरू होंगी। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. पंडोह बांध में जल्द शुरू होंगी जेट स्की, मोटर बोट।

  2. सुरक्षा कारणों से मुख्य जलाशय से डेढ़ किमी पीछे होंगी।

  3. एडीसी मंडी और बीबीएमबी अधिकारियों ने किया निरीक्षण।

जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में तत्तापानी के बाद अब पंडोह बांध के जलाशय में भी वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी यानी जलक्रीड़ाएं आरंभ होंगी। यहां पर भी जेट स्की, मोटर बोट सहित अन्य गतिविधियां प्रशासन आरंभ करने जा रहा है। इसके लिए बुधवार को एडीसी मंडी प्रियांशु खाती के नेतृत्व में जिला पर्यटन अधिकारी रजनीश शर्मा और बीबीएमबी के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। बांध में सुरक्षा कारणों के चलते ये वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां पंडोह बांध के मुख्य जलाशय से डेढ़ किलोमीटर पीछे आरंभ होंगी।

पर्यटन विभाग ने साहसिक खेलों के तहत आती इन वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन को पंडोह बांध के क्षेत्र में इसका प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद प्रशासन ने बीबीएमबी से इस मामले को उठाया था। 

बीबीएमबी के तर्क के बाद सीमा तय

बीबीएमबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था। इसके बाद बुधवार को प्रशासन की टीम ने बांध के मुख्य गेट से डेढ़ किलोमीटर पीछे उस स्थान का निरीक्षण किया, जहां से इसको आरंभ किया जा सकता है। अब इस निरीक्षण के बाद बीबीएमबी की ओर से सभी सुरक्षा पहलुओं की जांच के बाद प्रशासन को एनओसी जारी की जाएगी, इसके बाद प्रशासन आगामी कार्रवाई आरंभ करेगा। ये एनओसी एक सप्ताह तक आने की संभावना है।

कश्ती संचालकों के लिए भी दिया है दायरा

बाखली नेचर पार्क से चलने वाली कश्तियों के लिए भी बीबीएमबी ने सुरक्षा कारणों के चलते ही दायरा तय किया, क्योंकि जलाशय के पास पानी का बहाव तेज होता है। यही कारण है कि स्पोर्ट्स एक्टिविटी आरंभ करने के लिए डेढ़ किलोमीटर पीछे की जगह देखी जा रही है।

बुधवार को बीबीएमबी और पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ पंडोह बांध में वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी आरंभ करने के लिए संयुक्त निरीक्षण किया गया है। बीबीएमबी की ओर से एनओसी आने के बाद आगामी कार्रवाई होगी।
-प्रियांशु खाती, एडीसी, मंडी।

 

यह भी पढ़ें: 20 युवाओं को रोजगार और एक करोड़ मुनाफा..., मंडी में पिता-पुत्र ने लगाया सुगंधित तेल निकालने का उद्योग 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।