20 युवाओं को रोजगार और एक करोड़ मुनाफा..., मंडी में पिता-पुत्र ने लगाया सुगंधित तेल निकालने का उद्योग
राजेश गुलेरिया ने मंडी के लुणापानी में 1.18 करोड़ रुपये की लागत से आरके एरोमैटिक्स नामक आधुनिक सुगंधित तेल निष्कर्षण इकाई स्थापित की है।

सुगंधित तेल तैयार करने वाली आधुनिक मशीनरी के साथ। दीक्षांत गुलेरिया व डॉ. राजेश।
HighLights
राजेश गुलेरिया ने मंडी में आधुनिक तेल निष्कर्षण इकाई स्थापित की।
इकाई से 15-20 स्थानीय युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा।
सालाना एक करोड़ रुपये मुनाफे का लक्ष्य, तेलों का निर्यात होगा।
साक्षी ठाकुर, मंडी। जिला मंडी के बल्ह उपमंडल के लुणापानी गांव में पिता-पुत्र ने एक उद्योग लगाया है। के राजेश गुलेरिया ने 1.18 करोड़ रुपये की लागत से आरके एरोमैटिक्स नाम की आधुनिक तेल निष्कर्षण इकाई स्थापित की है। उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत उन्हें करीब 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली।
राजेश ने कुल्लू के मौहल स्थित जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान से पुष्प क्रांति योजना के तहत पांच दिवसीय प्रशिक्षण लेकर तकनीकी जानकारी हासिल की।
इन पदार्थों से निकाला जाएगा सुगंधित तेल
उनके बेटे दीक्षांत के अनुसार, इकाई में आधुनिक डिस्टिलेशन मशीनरी लगाई गई है। यहां टैगेटिस, कैलमस, क्लेरी सेज, पामारोजा, आर्टेमिसिया और जंगली खुबानी की गिरी से सुगंधित तेल निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि उद्यम के लिए कच्चा माल स्थानीय किसानों और संग्राहकों से खरीदा जाएगा, जिससे उनकी आय में बढ़ोतरी होगी।
20 युवाओं को रोजगार, एक करोड़ मुनाफा
इकाई से 15 से 20 स्थानीय युवाओं को सीधे रोजगार मिलने की संभावना है। राजेश ने प्रतिवर्ष 2.46 करोड़ रुपये के कारोबार और करीब एक करोड़ रुपये के मुनाफे का लक्ष्य रखा है। वे सुगंधित तेलों को विदेशों में निर्यात करने की तैयारी कर रहे हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
उद्यान विभाग के विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि गैस क्रोमैटोग्राफी तकनीक से तेलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है। राजेश ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और उद्यान विभाग का आभार जताया है।