Himachal Weather: हिमाचल में -6.1 डिग्री तक पहुंचा तापमान, सीजन की सबसे सर्द रात रिकॉर्ड; घने कोहरे का भी अलर्ट
हिमाचल में नवंबर के अंत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, मंगलवार रात ताबो में न्यूनतम तापमान -6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सीजन की सबसे सर्द रात थी।

हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ताबो में न्यूनतम तापमान -6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज, सबसे सर्द रात।
निचले इलाकों में भी शिमला से ज्यादा ठंड, कोहरे का येलो अलर्ट।
लाहुल-स्पीति में जलस्रोत जमने लगे, 1 दिसंबर तक मौसम शुष्क।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में काफी लंबे समय से चल रही शुष्क ठंड ने नवंबर माह के अंत में तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार रात इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान गोता लगाकर माइनस 6.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम में आए बदलाव की खास बात यह रही कि निचले और मैदानी इलाकों की रातें राजधानी शिमला और पर्यटन स्थल कुफरी से भी ज्यादा ठंडी रहीं।
कोहरे का यलो अलर्ट
वहीं, नदी किनारे बसे मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिले के कुछ क्षेत्रों में अगले चार दिन यानी 29 नवंबर तक घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।
औसत न्यूनतम तापमान में गिरावट
प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों में 0.2 डिग्री की गिरावट आई है और यह सामान्य से भी 0.2 डिग्री नीचे चल रहा है। हालांकि, बुधवार को शिमला और मनाली सहित कई स्थानों पर खिली धूप ने दिन के समय लोगों को ठंड से आंशिक राहत दी। विभाग का पूर्वानुमान है कि पहली दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। इस दौरान बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।
9 जगह लुढ़का पारा
प्रदेश के नौ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 से लेकर 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया है। शिमला में जहां न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री और कुफरी में 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं मंडी में पारा 4.9 डिग्री दर्ज हुआ। यानी मंडी की रात शिमला से 5.3 डिग्री और कुफरी से 5.2 डिग्री ज्यादा ठंडी रही। इसी तरह बिलासपुर (7.0 डिग्री) में शिमला के मुकाबले 3.2 डिग्री, कांगड़ा (7.5 डिग्री) में 2.7 डिग्री और ऊना (7.9 डिग्री) में 2.3 डिग्री कम तापमान दर्ज किया गया।
जनजातीय क्षेत्रों में जमने लगे जलस्रोत
लाहुल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ताबो (-6.1 डिग्री) प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके अलावा कुकुमसेरी में पारा माइनस 3.7 और केलंग में माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार जमाव बिंदु से नीचे तापमान रहने के कारण इन क्षेत्रों में झीलों, झरनों और नालों का पानी जमने लगा है।
बिलासपुर में 100 मीटर रही दृश्यता, संभलकर चलें वाहन चालक
नदी किनारे और जलाशयों के आसपास सुबह के समय कोहरे की घनी चादर बिछने से दृश्यता प्रभावित हो रही है। बुधवार सुबह बिलासपुर में दृश्यता घटकर मात्र 100 मीटर और मंडी में 400 मीटर रह गई। सुंदरनगर में भी कोहरे का असर देखा गया।
मौसम विभाग ने 29 नवंबर तक बिलासपुर में भाखड़ा बांध जलाशय के आसपास, हमीरपुर के सुजानपुर टीहरा व समीपवर्ती क्षेत्रों तथा मंडी की बल्ह घाटी में घने कोहरे की चेतावनी देते हुए सुबह और देर शाम वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।