Yamunagar News: कनाडा भेजने के नाम पर नकली वीजा थमाया, कंसल्टेंसी ने साढ़े दस लाख रुपये की लगाई चपत
यमुनानगर में मारवां कलां के इशप्रीत सिंह से कनाडा भेजने के नाम पर बाज कंसल्टेंसी ने साढ़े दस लाख रुपये की ठगी की। आरोपियों ने नकली वीजा दिया और पैसे वापस नहीं किए। पुलिस ने कंसल्टेंसी के संचालक कमलजीत सिंह और प्रियंका शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया। आर्थिक अपराध शाखा ने भी जांच की जहां आरोपियों ने चेक दिया जो बाउंस हो गया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। कनाडा भिजवाने के नाम पर मारवां कलां निवासी इशप्रीत सिंह से ठगी कर ली गई। आरोप बाज कंसल्टेंसी के संचालक कमलजीत सिंह, प्रियंका शर्मा पर लगा है।
आरोपितों ने उनसे दस्तावेज व साढ़े दस लाख रुपये लिए। उन्हें नकली वीजा थमा दिया। बाद में आरोपितों ने न तो विदेश भेजा और न ही रुपये व दस्तावेज वापस किए। व्यासपुर थाना पुलिस ने शनिवार को आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज किया।
गांव मारवां कलां निवासी इशप्रीत सिंह ने बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। उसे अपने रिश्तेदार के माध्यम से पता लगा कि पंजाब के मोहाली के एसएएस नगर स्थित बाज कंसल्टेंसी लोगों को विदेश भेजने का कार्य करती है। वह रिश्तेदार के साथ कंसल्टेंसी में गया। जहां संचालक कमलजीत सिंह, प्रियंका शर्मा व एक अन्य मिले। उनसे कनाडा जाने के बारे में बात की।
आरोपितों ने साढ़े दस लाख रुपये का खर्च बताया। उनकी बातों में आकर तैयार हो गया। आराेपितों को दस्तावेज दे दिए। अलग-अलग कर साढ़े दस लाख रुपये भी दिए। जब उनसे वीजा के बारे में बात की तो उन्होंने एक वीजा वाट्सएप पर भेजा। जिसकी जांच कराई तो पता लगा कि यह वीजा नकली है।
आरोपितों से रुपये वापस मांगे तो वह टाल मटोल करने लगे। पुलिस को शिकायत दी गई। आर्थिक अपराध शाखा ने जांच की। यहां पर भी आरोपितों को बुलाया गया। उन्होंने पांच लाख रुपये जल्दी दिए जाने का आश्वासन दिया। जिसके बदले में चेक भी दिया। बाद में तय समय पर रुपये वापस नहीं किए। चेक भी बाउंस हो गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।