Yamunanagar news महिला को गला घोंटकर मारा, टूटी चूड़ी से सांप के काटने का निशान बनाया, अब पति, सास-ससुर गिरफ्तार
यमुनानगर में शबनम नाम की महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दहेज के लिए शबनम का गला दबाकर हत्या की और सांप के काटने की झूठी कहानी बनाई। विसरा रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला घुटने से हुई थी।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। गांव मियांपुर में महिला की सांप के डसने से मौत दिखाने वाले ससुरालिया की घिनौनी करतूत का सच विसरा रिपोर्ट में सामने आया। महिला को गला घोंटकर मारा गया था। इस सच को दबाने के लिए महिला के पैर पर टूटी चूड़ी से निशान बनाया ताकि सांप के दांत का निशान बन सके। सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में उसके पति समीर, सास जरीना व ससुर इकबाल को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव ताजेवाला निवासी नजीर हुसैन ने बताया कि बेटी शबनम का निकाह 21 मई 2023 को गांव मियांपुर निवासी समीर के साथ किया था। शादी के बाद शबनम को उसका पति समीर, सास जरीना व ससुर इकबाल तंग कर रहे थे।
26 फरवरी 2025 की शाम पांच बजे उनके पड़ोसी ने सूचना दी कि शबनम ससुराल में बेहोश हो गई है। तब समीर को काल किया। उसने बताया कि सांप ने डस लिया है। तब परिवार के साथ शबनम के ससुराल पहुंचे। वहां शबनम चारपाई पर मृत अवस्था में थी।
उस समय भी उसकी हत्या किए जाने की बात कही लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की बात कह दी। डीएसपी व्यासपुर हरविंद्र सिंह ने बताया कि महिला की हत्या के आरोप में उसके पति, सास व ससुर को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों ने महिला के पैर पर सांप के डसने का निशान दिखाकर झूठी कहानी बनाई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने चूड़ी से उसके पैर पर निशान बनाया ताकि सांप के डसने की कहानी सच्ची लगे। विसरा रिपोर्ट से पूरा मामला खुल गया। दहेज को लेकर महिला के साथ मारपीट की जाती थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।