इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग से किया दुष्कर्म, फिर अश्लील वीडियो बनाकर करने लगा ब्लैकमेल; केस दर्ज
यमुनानगर के छप्पर क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नगला जगीर के खुशी राम नामक एक व्यक्ति पर इंस्टाग्राम के माध्यम से छात्राओं को प्रेम जाल में फंसाने का आरोप है। एक 17 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया और उसकी अश्लील वीडियो बनाई गई। आरोपी अब उसे ब्लैकमेल कर रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। थाना छप्पर क्षेत्र के एक गांव के राजकीय स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं को इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर प्रेम जाल में फंसाया गया। एक किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया। उसकी अश्लील वीडियो बना ली गई।
अब उस पर दोबारा संबंध बनाने का दबाव बनाया जा रहा है। आरोपित गांव नगला जगीर का रहने वाला खुशी राम है। इन मामलों में महिला थाना पुलिस व थाना छप्पर पुलिस ने दो अलग-अलग केस दर्ज किए हैं।
महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में व्यक्ति ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी पास के गांव के राजकीय स्कूल में पढ़ती है। 24 अगस्त को बेटी रो रही थी। उससे रोने का कारण पूछा तो उसने बताया कि नगला जगीर का रहने वाला खुशी राम उसका यौन शोषण कर रहा है। उसने पांच माह पहले इंस्टाग्राम आईडी पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी।
जिसके बाद वह बातचीत करने लगा। एक दिन आरोपित घर पर आया और उसके साथ बहला फुसलाकर गलत काम किया। उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। 22 अगस्त को भी आरोपित ने बेटी के पास मैसेज भेजे और मिलने के लिए बुलाया। मना करने पर आरोपित ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसी तरह से आरोपित ने बेटी की सहेली के पास भी इंस्टा पर रिक्वेस्ट भेजी थी।
वहीं, थाना छप्पर क्षेत्र के गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी को ऑनलाइन वीडियो कॉल कर परेशान किया जा रहा है। उसकी सहेलियों के पास भी फर्जी आईडी बनाकर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई। पुलिस को दी शिकायत में व्यक्ति ने बताया कि उसकी भतीजी व उसकी सहेलियों के पास इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर मैसेज किए गए।
भतीजी ने रिक्वेस्ट स्वीकार की। जिसके बाद अब युवक उनकी भतीजी के पास वीडियो कॉल कर परेशान कर रहा है। वह मिलने का दबाव बना रहा है। थाना छप्पर पुलिस ने रविवार को शिकायत पर केस दर्ज किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।