यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ट्रक छीनने वाले खनन माफिया का पता तक नहीं लगा सकी पुलिस
पुलिस से रेत से भरा ट्रक छीनने की वारदात के बाद क्षेत्र में चर्चा है लेकिन पुलिस इसे अधिक गंभीरता ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, देवधर :
पुलिस से रेत से भरा ट्रक छीनने की वारदात के बाद क्षेत्र में चर्चा है, लेकिन पुलिस इसे अधिक गंभीरता से नहीं ले रही है। यही वजह है कि तीन दिन बीतने के बावजूद भी खनन माफिया व उसके गुर्गों का पता तक नहीं लगा सकी। प्रतापनगर थाना प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि इस मामले में जांच चल रही है। अभी तक खनन माफिया का पता नहीं लगा है। दरअसल, बल्लेवाला जोन में ग्रामीणों ने अवैध खनन की वीडियो बनाकर वायरल की। इसके बाद पुलिस व विशेष जांच टीम जोन में पहुंची और यहां पटियाला स्टोन क्रशर से चार डंपर व एक जेसीबी पकड़ी। यहां से पुलिसकर्मी व होमगार्ड पकड़े गए डंपरों को ले जाने लगे, तो रास्ते में माफिया ने हमला बोल दिया। होमगार्ड मोल्लू राम को धक्का देकर ट्रक से नीचे गिरा दिया। इसके बाद ट्रक छीनकर भाग निकले थे। पुलिस ने केस दर्ज किया था।
जिले में अवैध खनन पर सख्ती :
कैग की रिपोर्ट के बाद सरकार ने अवैध खनन पर सख्ती करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत विशेष जांच टीम को अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए लगाया गया। जब से जांच टीम ने खनन जोन में डेरा डाला है, तब से ही माफियाओं में हडकंप मचा है। जांच टीम की कार्रवाई के विरोध में भी कैबिनेट मंत्री से स्टोन क्रशर संचालक मिले थे, लेकिन उन्होंने भी नियमों से खनन करने की बात कह दी। बल्लेवाला जोन में भी जब टीम पहुंची, तो खनन ठेकेदारों ने वहां भी उनके साथ बहस की थी।
