Haryana Weather: पूरा दिन छाए रहे बादल फिर दोपहर बाद हुई हल्की वर्षा, हथनीकुंड बैराज पर तेज बहाव से बाढ़ का खतरा
Haryana Weather Update पूरे दिन बादल छाए रहने और बारिश होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। धान की फसल पककर तैयार है लेकिन मौसम में बदलाव के कारण कटाई नहीं हो पा रही है। किसानों को तेज हवा और अधिक बारिश से फसल खराब होने का डर है।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। पूरा दिन बादल छाने व दोपहर बाद वर्षा होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। जिले की धान की फसल पक कर तैयार है। ऐसे में ज्यादा वर्षा होने या तेज हवा चलने से पैदावार प्रभावित होगी। इससे किसानों को नुकसान होने का भय सता रहा है।
बुधवार को तापमान अधिकतम 32 व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा। किसान हरभजन सिंह, जगतार सिंह, सोहनलाल ने बताया कि इस समय धान की फसल पक कर तैयार है, लेकिन मौसम परिवर्तनशील होने के कारण अभी कटाई नहीं लगाई है।
आए दिन बादल छाने व वर्षा होने से चिंता रहती है। यमुना व सोमनदी के तटवर्ती किसान गत दिनों आए उफान से हुए नुकसान को भुला नहीं पाए हैं। फिर से बादल घने छा रहे हैं। ऐसे में कैचमेंट एरिया में वर्षा हुई, तो फिर से उफान आ सकता है।
यमुना नदी के हथनीकुंड बैराज पर अधिकतम जल बहाव 35559 क्यूसेक रहा। इसमें से यमुना नदी में 26739 क्यूसेक, पश्चिमी यमुना नहर में 7510 क्यूसेक व पूर्वी यमुना नहर में 1310 क्यूसेक पानी का बहाव रहा। सोम नदी में भी जल बहाव 538 क्यूसेक चल रहा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।