विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में 600 रुपये गन्ना भाव की मांग पर अड़े किसान, 2 दिसंबर को CM आवास पर होगी महापंचायत

Published: Tue, 17 Nov 2026 08:13 AM (IST)

किसान संगठन गन्ने का रेट 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं और उन्होंने शुगर मिलों ...और पढ़ें

शुगर मिल के गन्ना यार्ड में धरने पर पहुंचे भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी। जागरण

शुगर मिल के गन्ना यार्ड में धरने पर पहुंचे भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी। जागरण  


HighLights

  1. किसान गन्ने का रेट 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग पर अड़े

  2. आंदोलनकारी किसानों ने शुगर मिलों को गन्ने की सप्लाई रोकने की धमकी दी

  3. सरकार को 1 दिसंबर तक का समय, फिर कुरुक्षेत्र में महापंचायत

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। गन्ने के रेट में बढ़ोतरी की मांग को लेकर किसान संगठनों ने आंदोलन तेज कर दिया है। सोमवार को भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरस्वती शुगर मिल के गन्ना यार्ड में चल रहे धरने पर पहुंचे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक गन्ने का रेट 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित नहीं होता, तब तक किसान पीछे नहीं हटेंगे। प्रदेश की किसी भी शुगर मिल पर गन्ना सप्लाई नहीं होने दी जाएगी। उधर, जिला सचिवालय के सामने संयुक्त किसान मोर्चा ने धरना दिया।

बाद में डीसी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा। भाकियू (टिकैत ग्रुप) के प्रदेशाध्यक्ष रतन मान ने कहा कि सरकार के पास एक दिसंबर तक का समय है। यदि रेट में बढ़ोतरी नहीं की तो दो दिसंबर को कुरुक्षेत्र स्थित सीएम आवास पर प्रदेश भर के किसान इकट्ठे होंगे।

प्रदेश की किसी भी मिल में नहीं होने दिया जाएगा गन्ना सप्लाई: चढ़ूनी

भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि पिछले छह साल से गन्ने का रेट बहुत ही कम बढ़ा है। गन्ने की हालत यह हो गई है कि किसी शुगर मिल पर दो माह तो किसी पर तीन माह का ही गन्ना है। चार माह का गन्ना किसी भी मिल के पास नहीं है।

अब यह मिलें भी बंद होने के कगार पर हैं। अब की बार चीनी के भाव व फसल पर आने वाले खर्च से तुलना करें तो गन्ने का रेट 600 रुपये प्रति क्विंटल बनता है। प्रति क्विंटल गन्ना तैयार करने में 450 रुपये खर्च आ रहा है। मशीनरी व ट्यूबवेलों का खर्च अलग है।

गन्ने की फसल कम व धान की अधिकता होने से भी किसानों की परेशानी बढ़ जाती है। चढ़ूनी ने कहा कि जल्द ही पंजाब सरकार गन्ने का रेट घोषित करेगी। वहां का रेट निश्चित तौर पर हरियाणा से अधिक होगा।

फिर हरियाणा के सीएम पंजाब में जाकर क्या बोलेंगे? इसलिए मुख्यमंत्री से मांग है कि प्रदेश के किसान व शुगर मिलों के अस्तित्व को देखते हुए गन्ने का भाव बढ़ाया जाए। 17 नवंबर को मिल के पेराई सीजन का शुभारंभ होगा, लेकिन इस बात पर अड़े हुए हैं कि मिल में गन्ने की सप्लाई नहीं होने दी जाएगी।

गन्ने के रेट के नाम पर सरकार ने किया किसानों के साथ भद्दा मजाक: रतन मान

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत ग्रुप) के प्रदेशाध्यक्ष रतन मान ने कहा कि गन्ने का रेट मौजूदा सीजन के लिए 430 रुपये प्रति क्विंटल घोषित कर सरकार ने किसानों के साथ भद्दा मजाक किया है। इस रेट में तो लेबर खर्च भी पूरा नहीं होता।

खाद दवाइयों के रेट लगातार बढ़ रहे हैं। पेराई के लिए शुगर मिलों के पास भी गन्ना पर्याप्त नहीं है। यदि सरकार की मंशा ऐसी ही रही तो अगले सीजन में तो गन्ना बिल्कुल ही खत्म हो जाएगा। इसी मुद्दे को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा आंदोलनरत है।

नारायणगढ़, जींद, रोहतक सहित सभी शुगर मिलों पर मोर्चा से जुड़े किसान प्रदर्शन करेंगे। बातचीत के लिए सरकार को एक दिसंबर तक का समय दिया है। यदि समाधान नहीं निकला तो दो दिसंबर को प्रदेशभर के किसान सीएम के कुरुक्षेत्र आवास पर महापंचायत करेंगे।

जिला प्रधान सुभाष गुर्जर व उप प्रधान यादवेंद्र कांबोज ने कहा कि किसान अपना हक मांग रहे हैं और इस हक को पाने के लिए किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।

यह भी पढ़ें- बेसहारा बेजुबान पशुओं के लिए सहारा बनीं गुरुग्रामं की गौशालाएं, ऐसे हो रही देखभाल

यह भी पढ़ें- पूर्व IAS डॉ. केके खंडेलवाल बने भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के चीफ नेशनल कमिश्नर, निर्विरोध हुआ चयन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।