पूर्व IAS डॉ. केके खंडेलवाल बने भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के चीफ नेशनल कमिश्नर, निर्विरोध हुआ चयन
सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. केके खंडेलवाल को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का चीफ नेशनल कमिश्नर चुना गया है। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को राष्ट्रीय अध्यक्ष चना गया है।
-1794853226617_m.webp)
डॉ. केके खंडेलवाल। फोटो-जागरण
HighLights
डॉ. केके खंडेलवाल भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के चीफ नेशनल कमिश्नर बने।
देवेंद्र फडणवीस राष्ट्रीय अध्यक्ष, सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए।
संगठन युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करेगा।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेवानिवृत्त आइएएस डॉ. केके खंडेलवाल को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का चीफ नेशनल कमिश्नर बनाया गया है। नई दिल्ली स्थित भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय में रविवार को आयोजित संगठन की 76वीं वार्षिक आमसभा के दौरान ये चुनाव संपन्न हुए।
डॉ. खंडेलवाल ने सोमवार को मानेसर में पत्रकारों से बातचीत में राष्ट्रीय नेतृत्व, चुनाव प्रक्रिया और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
निर्विरोध निर्वाचित हुए सभी उम्मीदवार
सेवानिवृत्त आइएएस डॉ. केके खंडेलवाल ने बताया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। चुनाव प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से पूरी की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष, उपाध्यक्षों और चीफ नेशनल कमिश्नर के सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए।
किसी भी पद के लिए मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी। कहा कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स बच्चों और युवाओं के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। संगठन युवाओं में अनुशासन, जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना जैसे मूल्यों को विकसित करता है।
राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का मौका
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स हरियाणा के स्टेट कमिश्नर प्रदीप कौशिक ने कहा कि नए नेतृत्व में संगठन का दायरा और व्यापक होगा तथा अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व, सामुदायिक सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। नए राष्ट्रीय नेतृत्व से भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की देशभर में उपस्थिति को और मजबूत करने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।