यमुनानगर में लगातार बारिश की वजह से मकान की छत गिरी, पति की दबने से मौत
लगातार वर्षा के कारण रादौर क्षेत्र के गांव बैंडी में एक कच्चा मकान ढह गया। हादसे में परिवार के मुखिया मानसिंह की मलबे में दबने से मौत हो गई जबकि पत्नी और तीन बच्चों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया। तहसीलदार ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। ग्रामीण आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं।

संवाद सहयोगी, रादौर। लगातार हो रही वर्षा अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। रादौर क्षेत्र में हुई 102 एमएम से अधिक वर्षा के चलते जहां खाली प्लाट पानी से लबालब हो गए वहीं क्षेत्र गांव बैंडी में बुधवार सुबह छह बजे एक कच्चे मकान की गिर गई।
हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे के नीचे दब गए। स्वजनों और ग्रामीणों की मदद से पत्नी व तीन बच्चों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन परिवार के मुखिया मानसिंह की मौत हो गई। घटना की सूचना पर तहसीलदार अशोक कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
उधर तेज वर्षा के चलते स्कूलों में भी अवकाश रखा गया। मृतक की पत्नी निशा ने बताया कि वह घर में पूजा कर रही थी और उसका पति टीवी देख रहा था। उसी समय अचानक उनके कच्चे मकान की छत गिर गई। तीनों बच्चे आरूही, सृष्टि और गर्व बिस्तर पर सो रहे थे।
निशा ने किसी तरह बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जिसके बाद गांव के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे मानसिंह को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक मान सिंह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। ग्रामीण प्रशासन से पीडि़त परिवार की आर्थिक मदद की मांग कर रहे हैं ताकि पत्नी और मासूम बच्चों का जीवन किसी तरह आगे चल सके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।