एनकाउंटर में ढेर गैंगस्टर रोमिल वोहरा के घर चलेगा बुलडोजर, नगर निगम ने चस्पा किया नोटिस; मां-बाप जेल में बंद
एनकाउंटर में मारे गए तीन लाख के इनामी बदमाश रोमिल वोहरा का यमुनानगर स्थित घर नगर निगम द्वारा गिराया जाएगा, क्योंकि यह अवैध है। उसके माता-पिता भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल में हैं। रोमिल एक स्नातक था और गैंगस्टर नोनी राणा के लिए काम करता था।

रोमिल वोहरा के घर पर नगर निगम करेगा बुलडोजर से कार्रवाई (जागरण फोटो)
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। एनकाउंटर में मारे गए तीन लाख के इनामी बदमाश रोमिल वोहरा का घर नगर निगम गिराएगा। मंगलवार को ही उसके घर पर नगर निगम की ओर से अवैध होने का नोटिस लगा दिया गया है।यह मकान 57 वर्ग गज में बना हुआ है। एक नोटिस गत 3 जून को भी लगाया गया था।
तीन दिन पहले दिल्ली पुलिस की ओर से भी उसके घर पर मोस्ट वांटेड का पोस्टर चिपकाया गया था। उसका पिता कपिल वोहरा और मां रिशा वोहरा दोनों जेल में हैं।
पिता कपिल वोहरा को खेड़ी लक्खा सिंह में हुए तिहरे हत्याकांड में मदद करने व साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वहीं उसकी मां को व्यासपुर में आइलेट्स सेंटर पर फायरिंग के मामले में साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
ग्रेजुएट था रोमिल वोहरा
उसका पिता फाइनेंस का छोटा-मोटा कार्य करता है। रोमिल वोहरा ने बीए तक की पढ़ाई गुरु नानक खालसा कॉलेज से की थी। इससे पहले वह स्कूल के समय में गैंगस्टर नोनी राणा के साथ पढ़ा था। अपने एक अन्य दोस्त बैंक कालोनी निवासी शुभम पंडित के साथ वह झगड़ों में शामिल रहता।
नोनी राणा से भी उसकी दोस्ती बनी रही। लगभग एक वर्ष से वह नोनी राणा के लिए काम करने लगा था। उसके कहने पर उसने यमुनानगर सहित अन्य जिलों में लगातार वारदात की। वह इकलौता बेटा था। पड़ोसी उसके बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।