112 दिन बाद दीवाली पर ताबूत में लौटा हरियाणा का लाडला, बिलख-बिलखकर रोए परिजन; यूक्रेन हमले में मारा गया था गुरप्रीत
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले गुरप्रीत का पार्थिव शरीर 112 दिन बाद दिवाली के दिन उनके पैतृक गांव पंजेटो पहुंचा।
-1794219214336_m.webp)
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास मिसाइल हमले में गई थी जान (जागरण फोटो)
HighLights
गुरप्रीत का शव 112 दिन बाद पंजेटो गांव पहुंचा
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर मिसाइल हमले में मौत
डीएनए जांच से हुई पहचान, परिजन चेहरा नहीं देख पाए
संवाद सहयोगी, यमुनानगर। जिस बेटे की घर वापसी की राह पंजेटो गांव का परिवार 112 दिन से देख रहा था, वह दिवाली के दिन ताबूत में घर पहुंचा।
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास 19 जुलाई को जहाज पर हुए मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले गुरप्रीत का पार्थिव शरीर रविवार को गांव लाया गया। करीब तीन महीने 20 दिन बाद परिवार को शव मिला, लेकिन आग में बुरी तरह झुलसने के कारण परिजन उसका चेहरा नहीं देख सके। इकलौते बेटे का अंतिम संस्कार कर नम आंखों से विदाई दी गई।

गुरप्रीत के मामा अमरीक सिंह ने बताया कि शव शनिवार रात दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा। जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रविवार दोपहर उसे गांव लाया गया। 19 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए मर्चेंट वेसल पर क्रूज मिसाइल से हमला हुआ था। जहाज में आग लगने से गुरप्रीत समेत चार भारतीयों की मौत हो गई थी।
आग में शरीर बुरी तरह झुलसने के कारण पहचान नहीं हो पा रही थी। शिपिंग कंपनी ने परिवार से डीएनए सैंपल मांगा। पिता कीर्तन सिंह के सैंपल की जांच और डीएनए मिलान के बाद शव की पहचान हुई।
-1794219921019.webp)
भारत लाने की प्रक्रिया में भी लंबा समय लगा।
शव गांव पहुंचने की खबर मिलते ही ग्रामीण गुरप्रीत के घर जुटने लगे। 112 दिन तक अंतिम दर्शन की आस लगाए परिवार को उसका चेहरा भी नहीं दिखा। गुरप्रीत की छह महीने की बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया और परिवार का इकलौता सहारा चला गया।
सीएम से भी मिले थे स्वजन
पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए पिता कीर्तन सिंह सीएम नायब सिंह सैनी से मिले थे। परिवार ने सरकार से हस्तक्षेप कर शव जल्द मंगवाने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की थी।
गुरप्रीत परिवार का इकलौता बेटा और कमाने वाला सदस्य था। वर्ष 2016 में सड़क हादसे के बाद पिता कीर्तन सिंह की एक टांग काटनी पड़ी थी। इसके बाद गुरप्रीत ही परिवार का मुख्य सहारा बना।
वह मर्चेंट नेवी में नौकरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी हुई थी और छह महीने पहले बेटी का जन्म हुआ था।
-1794219936880.webp)
जून में गया था तुर्की
गुरप्रीत 12 जून को काम के सिलसिले में तुर्की गया था। बाद में उसकी तैनाती एमवी गोल्डन लियो जहाज पर हुई। 19 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह से रवाना होते समय जहाज को क्रूज मिसाइल से निशाना बनाया गया। हमले में 10 लोगों की जान गई थी, जिनमें चार भारतीय थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।