सोनीपत के लोगों को जलभराव से मिलेगी राहत, नगर निगम 15 वार्डों में बदलेगा डैमेज सीवर लाइनें
सोनीपत नगर निगम ने शहर में सीवर ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सीवर सिस्टम को अपग्रेड करने की योजना बनाई है।

अलग-अलग फेज में लगाए गए हैं दो टेंडर
HighLights
सोनीपत में सीवर सिस्टम अपग्रेड करने की योजना।
वार्ड 1 से 15 तक मरम्मत और नई लाइनें बिछेंगी।
छह महीने में सुधार का लक्ष्य, टेंडर जारी।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। शहर में सीवर ओवरफ्लो और वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने सीवर सिस्टम अपग्रेड करने की योजना बनाई है।
इसके तहत पहले चरण में वार्ड-1 से 5 तक और दूसरे चरण में वार्ड-6 से 15 तक सीवर लाइनों की मरम्मत, सफाई और जरूरत के अनुसार नई लाइनें बिछाने का काम किया जाएगा। दोनों चरणों के लिए अलग-अलग टेंडर लगाए गए हैं।
पहले चरण के लिए 8.50 लाख और दूसरे चरण के लिए 38.10 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। निगम का लक्ष्य अगले छह महीने में सीवर व्यवस्था में सुधार करना है।
ब्लॉक सीवर लाइनों से जल निकासी पर असर
नगर निगम ने जिन क्षेत्रों के लिए योजना तैयार की है। इन क्षेत्रों में पुरानी, डैमेज और ब्लॉक पड़ी सीवर लाइनों के कारण जल निकासी प्रभावित होती है। वर्षा के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़कों और गलियों में पानी भरने से लोगों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।
सीवर ओवरफ्लो के कारण दूषित पानी सड़कों पर फैलने की समस्या भी सामने आती है। निगम की योजना के तहत जहां लाइनें बंद हैं, उन्हें खोला जाएगा और जहां मरम्मत से काम नहीं चलेगा, वहां जरूरत के अनुसार लाइन बदली जाएगी। इसी को देखते हुए निगम ने चरणबद्ध तरीके से सीवर नेटवर्क दुरुस्त करने की तैयारी की है।
40 कालोनियों और सेक्टरों को मिलेगा फायदा
चिंतपूर्णी कालोनी, सहारा बैंक वाली गली, पाटिल नर्सिंग होम वाली गली, खन्ना कालोनी में सिटी माल के सामने वाली गली और गांधी चौक क्षेत्र में जल निकासी की समस्या सामने आती रही है। इसके अलावा जटवाड़ा और देवडू रोड के साथ लगती कालोनियों में भी सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत है। सीवर लाइनों की मरम्मत और सफाई से इन क्षेत्रों में ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है।
'डैमेज और बंद सीवर लाइनों को दुरुस्त करने के लिए टेंडर लगाए गए हैं। अगले छह महीने में शहर के संबंधित वार्डों में सीवर व्यवस्था में सुधार लाने का लक्ष्य रखा गया है। जलभराव न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसी उद्देश्य से काम कराया जा रहा है।'
राजीव जैन, मेयर, नगर निगम।
यह भी पढ़ें- सफेद कार, हाथ में हथियार! सोनीपत में फिल्म निर्माता अमित जानी का पीछा, मुरथल थाने में दर्ज कराई शिकायत
यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में सोनीपत कनेक्शन आया सामने, दो शूटरों की कुंडली खंगाल रही पुलिस
