अंधेरे में डूबे हरियाणा के कई शहर, 24 अक्टूबर तक ब्लैकआउट; बिजली कर्मियों की हड़ताल से मचा हाहाकार
बिजली कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही, ऊर्जा मंत्री से वार्ता विफल होने के बाद 24 अक्टूबर तक पूर्ण कार्य बहिष्कार का ऐलान किया गया है।

सोनीपत में बिजली कर्मियों की हड़ताल
HighLights
बिजली कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही।
ऊर्जा मंत्री से वार्ता विफल, 24 अक्टूबर तक बहिष्कार।
सोनीपत में ब्लैकआउट, जलापूर्ति बाधित, फैक्ट्रियां ठप।
जागरण संवाददाता , सोनीपत। निजीकरण और पैरेलल लाइसेंसिंग के विरोध में बिजली कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। 20 अक्टूबर को ऊर्जा मंत्री अनिल विज के साथ हुई मीटिंग वार्ता विफल होने के बाद कर्मचारियों ने 24 अक्टूबर तक पूर्ण कार्य बहिष्कार का एलान कर दिया है।
हड़ताल के चलते जिले भर में हाहाकार मचा हुआ है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक रात भर ब्लैकआउट रहा, जिससे न केवल घरों में अंधेरा छाया रहा बल्कि फैक्ट्रियों के पहिए भी थम गए।
10 फीडरों की बिजली सप्लाई ठप
हड़ताल के चलते शहर के 16 में से 10 फीडरों की बिजली सप्लाई ठप रही। जलघरों से जलापूर्ति न होने से लोग पीने के पानी तक को तरस गए। शाम होते-होते घरों के इन्वर्टर जवाब दे गए, जिसके बाद मोमबत्तियों की भारी किल्लत हो गई।
सबमर्सिबल चलाने के लिए लोग जनरेटर ढूंढते रहे, जिसका किराया 500 रुपये से उछलकर 1500 से 2000 रुपये तक पहुंच गया। रात को कच्चे क्वार्टर मार्केट में नाराज व्यापारियों ने बिजली न आने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया
हड़ताल से निपटने के लिए जिला प्रशासन और निगम की ओर से की गई व्यवस्थाएं पहले ही दिन हवा-हवाई साबित हुईं। फॉल्ट सुधारने के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर स्विच ऑफ मिले। शिकायत केंद्रों पर अधिकारियों ने यह कहकर हाथ खड़े कर दिए कि फील्ड में जाने वाला कोई कर्मचारी मौजूद नहीं है। यहां तक कि स्थानीय विधायक के फीडर की बत्ती भी गुल रही।
औद्योगिक क्षेत्र ठप, गन्नौर में सप्लाई से छेड़छाड़ पर केस
सैदपुर पावर हाउस से जुड़े 11 गांवों, मारुति प्लांट को छोड़कर पूरे आईएमटी खरखौदा और फिरोजपुर बांगर औद्योगिक क्षेत्र में पूरी तरह ब्लैकआउट रहा। उधर, गन्नौर में पिछले 34 घंटे से बिजली संकट बना हुआ है। यहां 33 केवी लाइन में कील ठोककर सप्लाई बाधित करने की साजिश सामने आई है।
एसडीओ अमित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। बिजली कर्मियों के समर्थन में अब रोडवेज कर्मी भी दो घंटे के सांकेतिक धरने पर उतर आए हैं, जिससे संकट और गहराने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- सोनीपत में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, दुकान की तीसरी मंजिल पर कर रहे थे काम
यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में जतिन और समीर भी गिरफ्तार, सोनीपत से अब तक 7 आरोपी पकड़े
