अब लंबी लाइनों से मिलेगी राहत, सोनीपत के अस्पताल में बुजुर्गों और महिलाओं के लिए शुरू होंगे तीन नए OPD काउंटर
सोनीपत जिला नागरिक अस्पताल में बुजुर्गों और महिलाओं के लिए तीन नए पंजीकरण काउंटर तैयार किए जा रहे हैं, जिससे लंबी लाइनों से राहत मिलेगी।

डॉ. अलंकृता गेरा, सिविल सर्जन, सोनीपत। (तस्वीर को AI टूल Gemini की मदद से रीसाइज किया गया है)
HighLights
बुजुर्गों और महिलाओं के लिए तीन विशेष पंजीकरण काउंटर तैयार।
काउंटरों का पेंट, बिजली और बेस बनाने का काम अंतिम चरण में।
क्यूआर कोड स्कैन कर डिजिटल पंजीकरण की सुविधा भी शुरू।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। जिला नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले बुजुर्गों और महिलाओं को अब ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए घंटों लंबी लाइनों में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में तीन विशेष पंजीकरण काउंटर तैयार किए जा रहे हैं।
काउंटरों का मुख्य ढांचा बनकर तैयार हो गया है और अब पेंट, बिजली तथा काउंटर का बेस बनाने का कार्य चल रहा है। अगले 20 से 25 दिनों में निर्माण एजेंसी द्वारा भवन हैंडओवर किए जाने की उम्मीद है।
करीब 1800 मरीजों को मिलेगी राहत
ओपीडी में प्रतिदिन करीब 1800 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। सुबह ओपीडी खुलते ही पंजीकरण काउंटरों पर भारी भीड़ जुट जाती है। सामान्य लाइनों में धक्का-मुक्की और लंबी प्रतीक्षा के कारण सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों व महिलाओं को झेलनी पड़ती है।
इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए अलग से तीन पंजीकरण लाइनें शुरू करने की योजना बनाई गई है। अस्पताल अधिकारियों के अनुसार पेंट, इलेक्ट्रिसिटी और काउंटर के बेस का शेष कार्य तेजी से पूरा कराया जा रहा है। हैंडओवर मिलते ही यहां कंप्यूटर सिस्टम व आवश्यक उपकरण स्थापित कर दिए जाएंगे।
नए काउंटरों के संचालन के लिए अलग से नई नियुक्तियों का इंतजार नहीं किया जाएगा, बल्कि अस्पताल के मौजूदा स्टाफ में से ही कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर इन्हें तुरंत चालू किया जाएगा।
डिजिटल पंजीकरण की सुविधा भी शुरू
लाइनों का दबाव कम करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने ई-उपचार प्रणाली के तहत डिजिटल पंजीकरण की सुविधा भी शुरू कर दी है। इसके लिए अस्पताल परिसर में विभिन्न स्थानों पर क्यूआर कोड स्कैनर के पोस्टर लगाए गए हैं। मरीज अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन कर आनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन पूरा होने पर मोबाइल पर ओटीपी प्राप्त होगा। मरीज अलग से बने काउंटर पर यह ओटीपी दिखाकर सीधे अपनी ओपीडी की पर्ची बनवा सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और पंजीकरण खिड़की पर लगने वाली भीड़ भी नियंत्रित रहेगी।
'मरीजों को सुगम और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। ओपीडी में रोजाना करीब 1800 मरीज आते हैं। बुजुर्गों और महिलाओं की सुविधा के लिए तीन नए पंजीकरण काउंटर तैयार किए जा रहे हैं, जिनका शेष कार्य जल्द पूरा कर हैंडओवर लिया जाएगा। साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल पंजीकरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि मरीजों को लाइनों में परेशान न होना पड़े।'
- डॉ. अलंकृता गेरा, सिविल सर्जन, सोनीपत
यह भी पढ़ें- सोनीपत में 21 लाख की लागत से बनेगी ई-लाइब्रेरी, युवाओं को मिलेगा पढ़ाई का बेहतर माहौल
यह भी पढ़ें- राशन डिपो में सरसों का तेल मिलना शुरू, सोनीपत के 2.075 लाख BPL परिवारों को राहत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।