'ताऊ, रुपया डबल कर देंगे...', सोनीपत में बाइक सवार युवकों ने पर्ची गेम में उलझाकर बुजुर्ग से की ठग ली अंगूठी
गोहाना में बाइक सवार दो युवकों ने एक बुजुर्ग को पर्ची के खेल में पैसे दोगुने करने का लालच देकर ठग लिया। युवक बुजुर्ग के हाथ से सोने की अंगूठी उतरवाकर फरार हो गए।

शहर थाना में बुजुर्ग की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। एआई इमेज
HighLights
बुजुर्ग को पर्ची गेम में पैसे दोगुने करने का लालच दिया।
युवकों ने सोने की अंगूठी उतरवाकर ठगी की वारदात की।
गोहाना शहर थाना में बुजुर्ग की शिकायत पर केस दर्ज।
जागरण संवाददाता, गोहाना (सोनीपत)। पर्ची के खेल में पैसे दोगुने करने और 20 हजार रुपये जीतने का लालच देकर बाइक सवार युवकों ने एक बुजुर्ग को ठग लिया। युवक बुजुर्ग के हाथ से सोने की अंगूठी उतरवाकर फरार हो गए। शहर थाना में बुजुर्ग की शिकायत पर केस दर्ज किया गया।
गांव कोहला निवासी बलजीत सिंह ने बताया कि उसका बेटा संजय गोहाना की चोपड़ा कालोनी में रहता है। बुधवार को वह अपने गांव से बेटे के घर मिलने जा रहे थे। जब वह रोहतक-पानीपत रोड से स्कूल वाली गली से होते हुए गली के अंतिम छोर पर पहुंचा तो वहां बाइक पर दो युवक खड़े मिले।
युवकों ने उसे रोक लिया और उनके सामने ही आपस में पर्ची का गेम खेलने लगे। इसके बाद एक युवक ने उन्हें भी गेम खेलने के लिए उकसाया और कहा कि ताऊ आप भी खेलो, आपके पैसे डबल करके देंगे। विश्वास दिलाने के लिए दूसरे युवक ने अपनी अंगूठी निकाल कर रख दी और बलजीत सिंह से भी उनकी अंगूठी उतरवा ली।
युवकों ने झांसा दिया कि गेम जीतने पर उन्हें 20 हजार रुपये मिलेंगे। इसी बीच मौका पाकर दोनों युवक उनकी अंगूठी लेकर रफूचक्कर हो गए। तभी पीछे से एक और युवक बाइक लेकर आया और वे भाग निकले। युवकों की बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। बाद में बुजुर्ग ने चोपड़ा काॅलोनी निवासी दीपक की मदद ली और पुलिस को शिकायत दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।