सोनीपत: ब्रेजा की बुकिंग और कोटेशन के साथ दुल्हन पक्ष के साक्ष्य, कुलदीप ने CCTC फुटेज जारी कर नकारे आरोप
ब्रेजा कार की मांग को लेकर बरात लौटाने के मामले में अब दुल्हन के पिता और दूल्हे कुलदीप दोनों ने अपने-अपने सबूत पेश किए हैं।

जारी फुटेज में दूल्हे के गेटअप में दिखाई दे रहा आरोपित कुलदीप। सौजन्य: परिजन
HighLights
दुल्हन के पिता ने कार बुकिंग के दस्तावेज दिखाए।
दूल्हे कुलदीप ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर पक्ष रखा।
पुलिस दोनों पक्षों के साक्ष्यों की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। ब्रेजा कार की मांग को लेकर बरात लौटाने के मामले में अब दोनों पक्ष साक्ष्यों के साथ आमने-सामने आ गए हैं। दुल्हन के पिता सुभाष ने कार की बुकिंग से जुड़े दस्तावेज, आरटीजीएस स्लिप और शोरूम का कोटेशन दिखाकर अपनी शिकायत के समर्थन में सबूत पेश किए हैं।
वहीं, आरोपित दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल कुलदीप ने वाटिका की अलग-अलग समय की तीन सीसीटीवी फुटेज जारी कर दहेज मांगने और बरात वापस ले जाने के आरोपों को गलत बताया है। फिलहाल एक पक्ष कार की बुकिंग के दस्तावेजों को अपने आरोपों का आधार बता रहा है तो दूसरा पक्ष सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपने ऊपर लगे आरोपों को नकार रहा है। उधर, पुलिस ने दोनों पक्षों को सबूतों के साथ जांच में शामिल होने के लिए कहा है।
हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन ने लिया संज्ञान
मामले में युवती के पिता की शिकायत पर हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एफआइआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सेक्टर-27 थाना पुलिस ने दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल कुलदीप, उसकी मां, भाई-भाभी और दो बिचौलियों समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों को अपने-अपने दावों के समर्थन में साक्ष्य लेकर जांच में शामिल होने के लिए कहा है। पुलिस शादी तय होने से लेकर बरात लौटने तक के घटनाक्रम, ब्रेजा कार की मांग को लेकर हुई बातचीत, बुकिंग के दस्तावेज और बिचौलियों की भूमिका की पड़ताल करेगी। सीसीटीवी फुटेज के समय और घटनाक्रम का मिलान किया जाएगा। इसके बाद ही मामला पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा।
दुल्हन के पिता के साक्ष्य
25 हजार की आरटीजीएस स्लिप और ब्रेजा का कोटेशन-
दुल्हन के पिता सुभाष ने बताया कि 15 तारीख को मालवा से दूसरी गाड़ी बुक कराई थी। इसके लिए 25 हजार रुपये आरटीजीएस किए गए थे। उनके अनुसार, 18 तारीख को औरा की जगह ब्रेजा खरीदने के लिए कहा गया। सोनीपत में गाड़ी उपलब्ध नहीं होने पर बिचौलियों के माध्यम से नरेला में इसकी उपलब्धता का पता किया गया।
इसके बाद प्रेम मोटर शोरूम से सफेद रंग की ब्रेजा एलएक्सआइ सीएनजी का कोटेशन लिया गया। इसमें गाड़ी की कीमत 11 लाख 32 हजार 12 रुपये बताई गई थी। सुभाष ने बुकिंग के लिए किए गए आरटीजीएस की स्लिप, शोरूम का कोटेशन और गाड़ी के फीचर्स का वीडियो भी दिखाया है।
उनका कहना है कि शोरूम एग्जीक्यूटिव ने गाड़ी के फीचर्स का वीडियो भेजा था। गाड़ी मिलने में करीब 12 दिन लगने थे। ऐसे में 20 तारीख को शादी तक गाड़ी उपलब्ध नहीं हो पाई और विवाद हो गया।
कुलदीप के साक्ष्य
तीन अलग-अलग समय की सीसीटीवी फुटेज की जारी-
दूसरी तरफ, कांस्टेबल कुलदीप ने रात करीब आठ बजे, 10 बजे और रात 12:05 बजे की तीन सीसीटीवी फुटेज जारी की हैं। उसका दावा है कि लड़की पक्ष ने अधूरी फुटेज दिखाकर घटनाक्रम को गलत तरीके से पेश किया है। कुलदीप के अनुसार, वह वाटिका में ब्रेजा गाड़ी देखने नहीं, बल्कि कपड़े बदलने की जगह पूछने आया था।
उसने सवाल उठाया कि यदि उसका इरादा बरात वापस ले जाने का था तो वह वाटिका में आने के बाद दोबारा तैयार होकर समारोह में क्यों लौटता, जारी वीडियो में वह शादी के जोड़े में नजर आ रहा है। कुलदीप ने दहेज मांगने और बारात वापस ले जाने के आरोपों को निराधार बताया। उसका कहना है कि बारात उसने वापस नहीं लौटाई, बल्कि लड़की पक्ष ने बरात लौटाई थी।
मामले में सामने आए विभिन्न तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। दोनों पक्षों के बयान और उनके द्वारा पेश किए गए साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। - राजदीप मोर, एसीपी।
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नए CEO को एनईए ने दी बधाई, जल्द समाधान का मिला भरोसा
यह भी पढ़ें- सोनीपत में 21 लाख की लागत से बनेगी ई-लाइब्रेरी, युवाओं को मिलेगा पढ़ाई का बेहतर माहौल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।