'ऑरा तो टैक्सी में चलती है, ब्रेजा चाहिए...', कार की जिद पर बरात लौटाने वाला दिल्ली पुलिस का सिपाही सस्पेंड
सोनीपत में दहेज में ब्रेजा कार मांगने को लेकर शादी टूटने का विवाद अभी सुलझा नहीं है। पंचायत बेनतीजा रही और दूल्हे को दिल्ली पुलिस ने निलंबित कर दिया है।

दहेज में ब्रेजा मांगने का मामला। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, सोनीपत। दहेज में ब्रेजा कार मांगने के बाद शुरू हुआ विवाद अभी सुलझा नहीं है। रविवार को दो घंटे चली पंचायत में दोनों पक्षों के लोग मंथन करते रहे। दुल्हन के पिता ने बताया कि लड़के वाले रिंग सेरेमनी व सगाई में दी गई ज्वेलरी, फर्नीचर, बैंक्वेट व खाने का खर्च देने को तैयार नहीं हैं।
इसका कारण कोई फैसला नहीं हो सका। अब मंगलवार को दोनों पक्षों को दोबारा थाने बुलाया गया है। उधर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने दूल्हे कुलदीप के इस व्यवहार को गंभीर मानते हुए उसे निलंबित कर दिया है। उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है। वहीं दूल्हे पक्ष ने दहेज के सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि वेलकम सेरेमनी नहीं होने पर विवाद शुरू हुआ था।
वेस्ट रामनगर के सुभाष ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता मार्च में गोहाना के गांधीनगर के कुलदीप से किया था। कुलदीप दिल्ली पुलिस में सिपाही है और उसकी ड्यूटी नरेला थाने में है। अप्रैल में दोनों की रिंग सेरेमनी हुई। 19 नवंबर को सुभाष स्वजन के साथ गोहाना पहुंचे और सगाई की रस्म पूरी की।
दूल्हे पर क्या आरोप लगे हैं?
उन्होंने आरोप लगाया कि दूल्हे ने दहेज में कार की मांग की, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने हुंडई की औरा कार बुक कर रखी है। आरोप है कि कुलदीप ने कहा कि औरा तो टैक्सी में चलती है, उसे ब्रेजा ही चाहिए। समय कम होने के चलते ब्रेजा का इंतजाम नहीं हो सका। सुभाष ने बताया कि वे कुलदीप को सोने की अंगूठी, चेन व उसकी मां के लिए टाप्स दे चुके हैं।
सगाई के दौरान लड़के वालों की ओर से कहा कि कुलदीप के भाई-भाभी को ज्वेलरी देनी चाहिए थी, इस पर सुभाष ने बताया कि वे इसका इंतजाम कर रहे हैं और दोनों को विदाई के समय गहने देंगे। आरोप है कि 20 नवंबर को दूल्हा कुलदीप अपनी मां के साथ बरात लेकर मुरथल रोड स्थित वाटिका में पहुंचा। वहां पर ब्रेजा कार न देखकर उसने शादी से इनकार कर दिया और बरात वापस लेकर चला गया।
सुभाष ने 12 सौ मेहमानों के लिए खाने का इंतजाम कर रखा था। रविवार को थाने में पहुंचे दोनों पक्षों के लोगों ने अपनी-अपनी दलीलें रखीं, लेकिन विवाद नहीं सुलझने पर दोनों ओर से पांच-पांच लोगों की कमेटियां बनाई गई और 10 लोगों की पंचायत ने करीब दो घंटे थाने में ही मंथन किया। सुभाष ने बताया कि लड़के वालों ने उनकी ज्वेलरी, सामान व खर्च देने के इनकार कर दिया। इस कारण कोई नतीजा नहीं निकल सका।
पहले भी शादीशुदा होने का आरोप
लड़की पिता सुभाष ने आरोप लगाते हुए बताया कि कुलदीप के वीडियो पर किसी ने टिप्पणी करते हुए लिखा था कि पहली शादी का क्या हुआ। इस पर हमें पता चला कि कुलदीप की पहले भी शादी हो रखी है। उन्होंने बताया कि कुलदीप कई साल से दिल्ली पुलिस में सिपाही है, लेकिन उसकी शादी न होना संदेह पैदा करता है।
उन्होंने पुलिस से मांग उठाते हुए उसकी पहली शादी के संबंध में भी जांच करने को कहा। उन्होंने कहा कि कुलदीप और अनिल दोनों की काल डिटेल निकलवाई जाए, उससे साफ हो जाएगा कि उन्होंने ब्रेजा कार की मांग की है। सुभाष ने बताया कि हमें रुपये-पैसे नहीं चाहिए, हमारी पुलिस से यही मांग है कि कुलदीप व अन्य आराेपितों के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में सख्त संदेश जा सके।
घटना वायरल होने पर निलंबित
20 नवंबर को शादी टूटने की इस घटना के प्रसारित होने के बाद दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों ने नरेला थाने के सिपाही कुलदीप (बेल्ट नंबर 2036/ओएनडी) को निलंबित कर दिया गया है। दहेज की मांग और उसके कारण शादी टूटने के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कुलदीप के व्यवहार को अति गंभीर माना गया है। निर्धारित नियमों के अनुसार उनके खिलाफ आवश्यक विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
दूल्हे ने लगाए बंधक बनाने के आरोप
गोहाना के गांधी नगर स्थित अपने घर पर मौजूद दूल्हे कुलदीप ने बताया कि दहेज में ब्रेजा मांगने के आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने किसी से भी कार की मांग नहीं की। बरात के वेलकम की बात से विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद उसे कपड़े बदलने तक की जगह नहीं बताई गई, इसलिए वे पैंट-शर्ट में वाटिका पहुंचे थे।
विवाद बढ़ने पर शादी में 32 लाख रुपये खर्च हाेने की बात कहकर उन्हें वाटिका में ही बंधक बना लिया गया था। अगले दिन एडवोकेट से शिकायत ड्राफ्ट करकर पुलिस को दी गई। वह आज भी लड़की से शादी करने को तैयार है। अगर लड़की वाले चाहे तो अपना सभी सामान भी ले जा सकते हैं।
दोनों पक्षों के लोगों की दलीलें सुनी गई हैं। मंगलवार को फिर से दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। अगर दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- सवित कुमार, थाना प्रभारी, सेक्टर-27
यह भी पढ़ें- अब लंबी लाइनों से मिलेगी राहत, सोनीपत के अस्पताल में बुजुर्गों और महिलाओं के लिए शुरू होंगे तीन नए OPD काउंटर
यह भी पढ़ें- सोनीपत में तेंदुए की दहशत, खेल विश्वविद्यालय की सुरक्षा को लेकर अलर्ट हुआ वन विभाग; लगाए पिंजरे
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।