सोनीपत में तेंदुए की दहशत, खेल विश्वविद्यालय की सुरक्षा को लेकर अलर्ट हुआ वन विभाग; लगाए पिंजरे
जाखौली-सेवली रोड पर तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद वन विभाग ने दो पिंजरे लगाए और निगरानी शुरू की है। हालांकि, लगातार खोजबीन के बावजूद अभी तक तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिला है।

वन विभाग ने लगाए दो पिंजरे। जागरण
HighLights
जाखौली-सेवली रोड पर तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली।
वन विभाग ने दो पिंजरे लगाए, लगातार निगरानी कर रहा।
तेंदुए के पंजों के निशान या कोई सुराग नहीं मिला।
संवाद सहयोगी, राई (सोनीपत)। जाखौली-सेवली रोड पर तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद वन विभाग हरकत में आ गया है। विभाग ने एहतियात के तौर पर दो स्थानों पर पिंजरे लगाए हैं। विभाग द्वारा तेंदुए के होने के संभावित क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हालांकि, तेंदुए का कोई सुराग नहीं लगा है। गर्मी के सीजन में गांव बड़ौली में एक किसान ने तेंदुए के हमले की सूचना दी थी, तब भी विभाग ने पिंजरा लगाया था, लेकिन तब तेंदुए का कोई सुराग नहीं लगा था। अधिकारियों का कहना है कि यमुना नदी के साथ-साथ तेंदुए आने की आशंका रहती है।
क्षेत्र में निगरानी के लिए की गई टीमों की तैनाती
दो दिन पूर्व जाखौली के रहने वाले अभिषेक नामक युवक ने सड़क पर तेंदुआ देखे जाने की सूचना दी थी। इस संबंध में उसने खेल विश्वविद्यालय व मोतीलाल नेहरू खेल स्कूल प्रबंधन को सूचित किया। स्कूल और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों व स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों की शिकायत पर वन विभाग ने सुरक्षा इंतजामों के तहत क्षेत्र में दो टीमों को सतत निगरानी पर लगा दिया।
वन विभाग की टीमों ने क्षेत्र में तेंदुए के होने संबंधी जांच की तो उन्हें बताए गए स्थान पर तेंदुए के पंजों के निशानादि नहीं मिले। जांच दल के अनुसार जिस स्थान पर तेंदुए की मौजूदगी हो, वहां पर आवारा कुत्ते मौजूद नहीं रह पाते हैं, लेकिन क्षेत्र में निगरानी के लिए टीमों की तैनाती की गई है और तेंदुए के होने के संभावित स्थानों पर दो पिंजरे भी लगाए गए हैं।
धोबीघाट एरिया में घूमती रहती हैं 3 बड़ी बिल्लियां
खेल विद्यालय और विश्वविद्यालय की चारदीवारी से बाहर बने आवासों में रहने वाले लोगों का कहना है कि आज तक किसी भी कर्मचारी ने तेंदुए को इस क्षेत्र में नहीं देखा है। उन्होंने बताया कि यहां के धोबीघाट क्षेत्र में कई बार दो-तीन बड़ी बिल्लियां अवश्य दिखाई देती हैं, जिनसे किसी भी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी कर्नल कटारिया का कहना है कि तेंदुए को देखे जाने के दावा करने के समय कुत्तों के भौंकने की आवाजें भी नहीं सुनी गई।
साथ ही, जंगली इलाके में तेंदुए द्वारा कोई शिकार किए जाने का प्रमाण नहीं मिला है और न ही बड़े शिकारी जानवर के पैरों के निशान ही वन विभाग की टीमों के देखने में आए हैं। अभिषेक से पूर्व एक महीने के अंदर उपेंद्र नामक व्यक्ति व पूनम नामक महिला भी इसी तरह का दावा कर चुके हैं।
दो वर्ष पूर्व देखा गया था तेंदुआ
सोनीपत में तेंदुआ देखे जाने की बात दो साल से अधिक पुरानी है। अगस्त, 2024 में रात के समय मुरथल टोल के पास एक तेंदुआ देखा गया था। तेंदुए की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन्य विभाग की टीम को तेंदुए के बार में पुख्ता सबूत मिले थे।
वहीं गर्मी के सीजन में खेत में गए किसान ने तेंदुए के हमले की सूचना दी थी। दो-तीन वर्ष पूर्व कुंडली के निकटवर्ती दिल्ली के अलीपुर क्षेत्र में हाइवे पर एक्सीडेंट में मरे एक तेंदुए का शव भी मिला था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।