सोनीपत में 13 डॉक्टरों को चार्जशीट देने की तैयारी पर भड़के चिकित्सक, हड़ताल से मरीज परेशान; सिविल सर्जन ने की OPD
सोनीपत में 13 सरकारी चिकित्सकों को चार्जशीट जारी करने की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में डॉक्टरों ने दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल की, जिससे ओपीडी सेवाएं प्रभावित हुईं।

सुबह 9 से 11 बजे तक सभी सरकारी अस्पतालों, सीएचसी व पीएचसी में हड़ताल की गई। जागरण
HighLights
13 सरकारी चिकित्सकों को चार्जशीट जारी करने का विरोध।
दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल से ओपीडी सेवाएं बाधित।
सिविल सर्जन ने स्वयं ओपीडी में मरीजों की जांच की।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। जिले के 13 सरकारी चिकित्सकों को हरियाणा सिविल सर्विसेज के रूल-8 के तहत चार्जशीट जारी करने की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में बृहस्पतिवार को चिकित्सकों ने दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल रखी। सुबह 9 से 11 बजे तक सभी सरकारी अस्पतालों, सीएचसी व पीएचसी में ओपीडी सेवाएं बंद रहने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी।
हालांकि, हालात संभालने के लिए सिविल सर्जन डाॅ. अलंकृता गेरा ने खुद मोर्चा संभाला और बच्चों की ओपीडी में बैठकर मरीजों की जांच की। साथ ही अन्य ओपीडी के संचालन के लिए डिप्टी सिविल सर्जनों की ड्यूटी लगाई गई।

हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन और डेंटल सर्जन्स एसोसिएशन के आह्वान पर हड़ताल में शामिल डाॅक्टरों ने काली पट्टी बांधकर इमरजेंसी के बाहर धरना दिया। इस दौरान सुबह नौ से 9:30 बजे तक पंजीकरण काउंटर बंद रहा, जिसे बाद में सिविल सर्जन ने हस्तक्षेप कर शुरू कराया। वहीं, सभी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं।

एसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले दिनों डाॅ. वीरेंद्र की अध्यक्षता में 'सार्थक टीम' ने स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया था। इसकी रिपोर्ट के आधार पर एसीएस और डीजीएचएस के पत्रों के संदर्भ में 13 डाॅक्टरों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। डाक्टरों का आरोप है कि सूची में ऐसे चिकित्सक भी हैं, जिन्हें कार्यभार संभाले महज 10 दिन हुए थे, जिससे पूरे चिकित्सा वर्ग में भारी रोष है।