सोनीपत में धनतेरस से पहले जगमगाया वाहन बाजार, 1000 से ज्यादा गाड़ियां बिकीं; कारों की एडवांस बुकिंग तेज
दीपावली और धनतेरस के त्योहार के चलते सोनीपत में वाहन बाजार में 20% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसमें ...और पढ़ें

जिले में 1000 से अधिक दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बिक्री।
HighLights
सोनीपत में 1000 से अधिक दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बिक्री।
शहर के शोरूमों में 300 से ज्यादा कारों की बुकिंग हुई।
धनतेरस पर इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में भी भारी वृद्धि।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। दीपावली के त्योहार ने वाहन बाजार की रफ्तार बढ़ा दी है। वाहन बाजार में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहनों तक की मांग बढ़ी है। जिलेभर में अब तक 1000 से अधिक वाहनों की बिक्री हो चुकी है।
वहीं, मारुति, टाटा, हुंडई, टोयोटा और होंडा जैसी कंपनियों के शोरूमों में करीब 300 कारों की बुकिंग हुई है। धनतेरस पर नया वाहन खरीदने को शुभ माना जाता है।
ऐसे में ग्राहकों ने डिलीवरी के लिए धनतेसर की बुकिंग करवा रखी है। वाहन कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस और दीपावली के दौरान बिक्री के आंकड़े और बढ़ेंगे।
वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित
त्योहारी सीजन में वाहन कंपनियों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तैयारियां की हैं। कंपनियों के अधिकारी और कर्मचारी बुकिंग के अनुसार, वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में जुटे हैं। कई ग्राहक ऐसे हैं, जिन्होंने अपनी पसंद का माडल और रंग पहले ही तय कर लिया है।
वे केवल धनतेरस के शुभ मुहूर्त में वाहन की चाबी लेने का इंतजार कर रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से वाहन बाजार में चहल-पहल देखने को मिल रही है। लोग परिवार के साथ शोरूम पहुंचकर नए माडल, कीमत, माइलेज और फीचर की जानकारी ले रहे हैं। इसके बाद पसंदीदा वाहन की बुकिंग करवा रहे हैं। इस बार बाजार में पिछले साल के मुकाबले अच्छा उत्साह दिखाई दे रहा है।
शोरूमों के पास 100 से ज्यादा वाहनों की बुकिंग
पिछले कुछ दिनों से शोरूम में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। शहर के बड़े शोरूमों पर रोजाना करीब 80 से 100 लोग वाहन खरीदने के लिए पहुंच रहे है। इनमें से 30 से 40 ग्राहक प्रतिदिन वाहनों की बुकिंग करवा रहे हैं।
ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार अलग-अलग माडल पसंद कर रहे हैं। धनतेरस के लिए बड़े शोरूमों के पास करीब 100 से 150 वाहनों की डिलीवरी की बुकिंग हो चुकी है। ऐसे में शोरूम की टीम ग्राहकों को समय पर वाहन उपलब्ध कराने में जुटी हुई है।
ईवी के लिए भी बढ़ा रुझान
इस बार वाहन बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री भी उत्साहजनक रही है। पेट्रोल और डीजल वाहनों के साथ ग्राहक इलेक्ट्रिक विकल्पों के बारे में भी जानकारी ले रहे हैं। कम परिचालन खर्च और नई तकनीक के चलते इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। वहीं, दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति भी ग्राहक आकर्षित हो रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।