विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में पावर ग्रिड लाइन पर हंगामा, किसान ने छिड़का पेट्रोल; महिलाओं समेत कई प्रदर्शनकारी हिरासत में

Published: Wed, 11 Nov 2026 04:20 PM (IST)

खरखौदा के सोहटी गांव में पावर ग्रिड की हाईटेंशन लाइन के विरोध में किसानों का प्रदर्शन उग्र हो गया, जहां ...और पढ़ें

सोहटी में 2 महीने से जारी धरना भड़का। जागरण

सोहटी में 2 महीने से जारी धरना भड़का। जागरण

संवाद सहयोगी, खरखौदा। गांव सोहटी में पावर ग्रिड की हाईटेंशन लाइन को लेकर किसानों का विरोध बुधवार को उस समय उग्र हो गया, जब लाइन पर काम करने के लिए कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। कार्रवाई का विरोध करने के लिए किसान और उनके परिवार के सदस्य एकत्रित हो गए।

इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए काम रुकवाने का प्रयास किया। वहीं, मौके पर तैनात पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई आगे बढ़ते देख एक किसान ने आत्मदाह का प्रयास किया। किसान इंद्रजीत ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।

पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों में हड़कंप

किसान के इस कदम के बाद मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। किसानों का आरोप है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस समाधान नहीं निकाला जा रहा।

बुधवार को कंपनी कर्मचारियों की ओर से लाइन पर काम शुरू करने की कार्रवाई का विरोध करने के लिए बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं मौके पर पहुंची थीं।

महिलाओं सहित किसानों को हिरासत में लिया

किसानों के विरोध और सरकार विरोधी नारेबाजी के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिलाओं सहित कई किसानों को हिरासत में ले लिया।

इसके बाद सभी को बसों में बैठाकर सोनीपत के एक पुलिस स्टेशन में ले जाया गया। इस दौरान मौके पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। किसान पावर ग्रिड की ओर से लाइन बिछाने के लिए की जा रही कार्रवाई का विरोध कर रहे थे।

बाजार भाव से मुआवजे की मांग पर अड़े किसान

किसानों का कहना है कि पावर ग्रिड की ओर से बिजली लाइन के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन और टावरों के बदले उन्हें बाजार भाव के अनुसार मुआवजा दिया जाए। किसान मुआवजा तय करने के लिए अपनाई जा रही लाटरी व्यवस्था का भी विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि जमीन की वास्तविक बाजार कीमत के आधार पर मुआवजा निर्धारित किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को उचित आर्थिक भरपाई मिल सके।

दो माह से अधिक समय से चल रहा धरना

पावर ग्रिड लाइन के मुआवजे को लेकर सोहटी में किसानों का धरना दो माह से अधिक समय से जारी है। इस दौरान कई बार पुलिस और प्रशासन के साथ किसानों का आमना-सामना हो चुका है। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ भी किसानों की मांगों के समर्थन में भूख हड़ताल कर चुके हैं।

कई दौर की बातचीत और विरोध प्रदर्शनों के बावजूद अभी तक विवाद का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। बुधवार की कार्रवाई और किसान द्वारा खुद पर पेट्रोल छिड़कने की घटना ने एक बार फिर इस विवाद को गंभीर मोड़ दे दिया है।

यह भी पढ़ें- सोनीपत में अवैध होर्डिंग से निगम को करोड़ों का नुकसान, अधिकारियों पर उठा सवाल

यह भी पढ़ें- सोनीपत के कुंडली में 4 मंजिला फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।