सोनीपत की खान कॉलोनी को नई पहचान दिलाने की कवायद शुरू, स्वतंत्र नगर होगा नया नाम
सोनीपत की खान कॉलोनी अब स्वतंत्र नगर के नाम से जानी जाएगी। नगर निगम इस कॉलोनी को नई पहचान दिलाने के लिए 16.65 लाख रुपये खर्च करेगा जिसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। पहले इस इलाके में रेत खनन होता था इसलिए इसका नाम खान कॉलोनी पड़ गया था।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। शहर के बहालगढ़ रोड स्थित खान कॉलोनी को अब स्वतंत्र नगर के नाम से जाना जाएगा। कॉलोनी को नई पहचान दिलाने के लिए नगर निगम कवायद शुरू कर दी है। हाउस की बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद अब निगम ने कॉलोनी को नई पहचान दिलाने के लिए यहां स्वतंत्र नगर के बोर्ड और संकेतक लगाएगा। साथ ही यहां गली भी बनाई जाएगी।
16.65 लाख रुपये खर्च करेगा निगम
इस कार्य पर नगर निगम 16.65 लाख रुपये खर्च करेगा। निगम ने इसके लिए टेंडर आमंत्रित कर दिए है। जो कि 13 जून को ओपन होगा। इसके बाद काम शुरू करवा दिया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र में शामिल खान कॉलोनी का नाम बदलकर स्वतंत्र नगर और पटेल नगर कॉलोनी के पास स्थित मदीना मस्जिद कॉलोनी का नाम शांति विहार रखा गया है।
क्यों बदला गया नाम?
कॉलोनियों का नाम बदलने के लिए लोगों की मांग पर छह मई को हुई बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए थे। खान कॉलोनी का नाम बदलने के पीछे बताया गया कि पहले सेक्टर-12 के साथ लगते इस इलाके में रेत खनन होता था। जब यहां रिहाइश शुरू हुई तो नाम ही खान कॉलोनी प्रचलन में आ गया।
इसी तरह पटेल नगर में मुस्लिम समुदाय की ओर से मस्जिद का निर्माण किया गया तो कॉलोनी पूरी तरह बसने के बाद कुछ लोगों ने कॉलोनी का नाम पटेल नगर से बदलकर मदीना मस्जिद कॉलोनी कर दिया। स्थानीय लोगों को इस नाम पर एतराज था।
उन्होंने एक ज्ञापन पार्षद और आयुक्त को सौंपकर कॉलोनी का नाम मदीना मस्जिद से शांति विहार रखने की मांग की थी। नगर निगम की हाउस की बैठक में एजेंडा रखा गया, तो सभी पार्षदों ने हाथ खड़े करके समर्थन किया था। अब इनके नाम में बदलाव हो गया है।
दो समुदाय में झगड़े के बाद चर्चा में आई थी खान कॉलोनी
सेक्टर-12 के साथ लगती खान कॉलोनी में दो समुदायों का झगड़ा हो गया था, जिसके बाद कॉलोनी काफी समय तक चर्चा में रही थी। कॉलोनी में शांति बनाने के लिए पुलिस बल तक तैनात करना पड़ा था। कॉलोनी में समुदाय के लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया था। इस विवाद के बाद कॉलोनी का नाम बदलने की मांग भी उठने लगी थी।
स्थानीय निवासियों की ओर से लंबे समय से दो कॉलोनियों के नाम बदलने की मांग उठ रही थी। पार्षदों ने भी हाउस की बैठक में जनता का एजेंडा रखा था। जिस पर सर्वसम्मति से मोहर लगी थी। खान कॉलोनी को स्वतंत्र नगर नाम दिया गया। अब इसकी नई पहचान की कवायद शुरू हो गई है। बोर्ड और संकेतक लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है।
- राजीव जैन, मेयर, नगर निगम, सोनीपत
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।