Sonipat: पार्क में सैर कर रहे युवक को मारी गोली, चाकू से भी गोद डाला
Sonipat पार्क में सैर कर रहे युवक को कुछ युवकों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली की आवाज सुनकर पार्क में सैर करने वाले अन्य लोग व युवक के जानकार भी वहां पहुंच गए और और भाग रहे एक हमलावर को पकड़कर पिटाई कर दी।

सोनीपत, जागरण संवाददाता: मामूली रंजिश को लेकर शनिवार सुबह पार्क में सैर कर रहे युवक को कुछ युवकों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली लगने के बाद हमलावरों ने युवक पर चाकू से भी कई वार किए। गोली की आवाज सुनकर पार्क में सैर करने वाले अन्य लोग व युवक के जानकार भी वहां पहुंच गए और और भाग रहे एक हमलावर को पकड़कर उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी और उसे भी चाकू से गोदकर घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल दोनों पक्ष के युवकों पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को शनिवार सुबह सूचना मिली कि कालूपुर के पार्क में दो पक्षों में विवाद हो रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को कालुपुर के रहने वाले किशन कुमार ने बताया कि वह अपने छोटे भाई भोलू उर्फ बलराम के साथ पार्क में सैर कर रहे थे।
इसी दौरान पार्क के दोनों गेट से तीन-तीन युवक आए और उनको घेर लिया। इसमें गढ़ी बिंदरौली का दीपक, हरसाना के केशव, दीपांशु व अन्य शामिल थे। केशव ने आते ही भोलू पर पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। इसमें एक गोली भोलू को लगी जिससे वह जमीन पर गिर गया। उसके जमीन पर गिरते ही दीपक ने उसे दबोच लिया और चाकू से पीठ और सीने पर कई वार किए। जब उसने विरोध किया तो दीपांशु ने उस पर गोलियां चला दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया।
गोली चलने से पार्क में सैर कर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। वहीं पार्क के बाहर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने हमलावरों पर ईंट बरसानी शुरू कर दी, तो वे अपनी बाइक लेकर भागने लगे। इसी दौरान लोगों ने एक आरोपित दीपक को दबोच लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। दीपक पर चाकू से भी वार किए गए हैं। हालांकि किशन का आरोप है कि वह गिरकर घायल हुआ है। पुलिस ने दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से भोलू को पीजीआइ रेफर कर दिया गया।
रक्षाबंधन के दिन हुई कहासुनी
कालूपुर के रहने वाले भोलू उर्फ बलराम की हरसाना के केशव से दोस्ती थी। दोनों में रक्षाबंधन पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिस पर भोलू ने केशव की पिटाई कर दी थी। इसका अभियोग सदर थाना में दर्ज है। बताया जाता है कि इसके बाद से केशव की ओर से उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। केशव ने सन्नी, अजय उर्फ अज्जू और साहिल उर्फ छल्लों के साथ मिलकर उनके घर पर भी गोली मारने का प्रयास किया था, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए थे। भोलू ने चार दिन पहले भी सिटी थाना पुलिस को शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार भी लगाई थी।
इनका कहना है
कालूपुर के पार्क में युवक को गोली व चाकू मारकर घायल कर दिया गया। लोगों ने एक हमलावर को भी पीट-पीटकर घायल कर दिया। घायल भोलू के भाई किशन की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फरार हमलावरों की तलाश की जा रही है। - इंस्पेक्टर नीरज सिंह, एसएचओ, थाना सिटी

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।