सोनीपत रेलवे स्टेशन पर दोबारा बनेगा वर्टिकल गार्डन, सेल्फी प्वाइंट और गमले हटाए गए
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर वर्टिकल गार्डन की हालत खराब हो गई है। देखभाल न होने से पौधे सूख गए हैं। अब स्टेशन को मॉडल स्टेशन के तौर पर विकसित किया जा रहा है जिसके तहत सर्कुलेटिंग एरिया बढ़ाया जाएगा और दोबारा वर्टिकल गार्डन बनाया जाएगा। पहले इस गार्डन को बनाने में 80 हजार रुपये खर्च हुए थे।

विष्णु कुमार, सोनीपत। रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण को चार चांद लगा रहा वर्टिकल गार्डन व सेल्फी प्वाइंट लापरवाही की भेंट चढ़ गया। देखरेख के अभाव में पौधे सुख गए, जिसके बाद लगाए गए गमले हटा दिए गए हैं।
सुंदरीकरण को लेकर तैयार की जा रही योजना
अब मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित किए जा रहे सोनीपत रेलवे स्टेशन पर दोबारा वर्टिकल गार्डन और सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसके लिए रेलवे स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया बढ़ाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि भवन निर्माण का कार्य पूर्ण होने के बाद वर्टिकल गार्डन का निर्माण करवाया जाएगा।
हरियाली बढ़ाने को खर्च किए थे 80 हजार रुपये
सोनीपत रेलवे स्टेशन को वर्ष 2022 में ए ग्रेड का दर्जा मिला था। मॉडल रेलवे स्टेशनों की सूची में शामिल होने होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने इसे मॉडल रेलवे स्टेशन की तरह नया लुक देने के आदेश जारी किए थे। यात्रियों को आकर्षित करने और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशन पर मुख्य प्रवेश द्वार के पास वर्टिकल गार्डन तैयार करवाया था, जिस पर करीब 80 हजार रुपये खर्च किए गए थे।
पौधों की सुरक्षा के लिए वर्टिकल गार्डन को ऊपरी तरफ बनाया गया था। इसकी सुंदरता बढ़ाने के लिए छोटे गमलों में रंग-बिरंगे पौधे उगाए गए थे। सभी गमलों में पर्याप्त पानी पहुंच सके, इसके लिए अलग से व्यवस्था की गई थी। वर्टिकल गार्डन की देखरेख की जिम्मेदारी रेलवे के स्थानीय अधिकारियों को सौंपी गई थी।
नंबर गेम
- 2022 में रेलवे स्टेशन पर बनाया गया था वर्टिकल गार्डन
- 80,000 रुपये की लागत से तैयार किया था वर्टिकल गार्डन
- 2024 के मध्य देखरेख के अभाव में सूखने लगे थे पौधे
वर्टिकल गार्डन के साथ सेल्फी प्वाइंट बना था आकर्षण का केंद्र
वर्टिकल गार्डन के साथ ही आइ लव सोनीपत के नाम से सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था, जो यात्रियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ था। रात के समय रंग-बिरंगी लाइटों के बीच वर्टिकल गार्डन और जगमगाता आइ लव सोनीपत लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करता था।
फरवरी, 2024 तक जगमगाता गार्डन यात्रियों और राहगीरों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। इसके बाद देखरेख के अभाव में वर्टिकल गार्डन में लगे विभिन्न प्रजातियों के फूलों के पौधे मुरझाते चले गए। गमलों में लगाए गए पौधों के सूखने से वर्टिकल गार्डन की सुंदरता ओझिल होती चली गई।
रेलवे स्टेशन पर पुनर्निर्माण चल रहा है। सुंदरीकरण को बढ़ावा देने के लिए सर्कुलेटिंग एरिया बढ़ाया जाएगा। भवन निर्माण का कार्य पूरा होते ही वर्टिकल गार्डन को नए सिरे से बनाया जाएगा, जिसमें विभिन्न किस्मों के फूलों के आकर्षक पौधे लगाए जाएंगे।
- नरेश कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, उत्तर रेलवे
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।