यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सोनीपत में छह साल की मासूम को अगवा कर दुष्कर्म करने वाला आरोपित गिरफ्तार
Sonipat News जिले के मुरथल थाना क्षेत्र के गांव में कमरे के बाहर खेल रही बच्ची को अगवा करके दुष्कर्म ...और पढ़ें

सोनीपत, जागरण संवाददाता। सोनीपत के मुरथल थाना क्षेत्र के गांव में कमरे के बाहर खेल रही बच्ची को अगवा करके दुष्कर्म करने वाले युवक को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपित बिहार का रहने वाला है और आजकल शहर के रामनगर में रहता था। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के रहने वाले बच्ची के स्वजन ने बताया कि उनका परिवार डेढ़ साल से मुरथल थाना क्षेत्र के एक गांव में किराए पर रहता है। उनकी छह साल की बच्ची बुधवार रात करीब आठ बजे कमरे के बाहर खेल रही थी।
इसके बाद वह अचानक से लापता हो गई। स्वजन ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। स्वजन रातभर बच्ची को तलाश करते रहे।
उन्होंने मामले से पुलिस को भी अवगत कराया। सुबह स्वजन को बच्ची गांव के बाहर खेत में बेसुध व लहूलुहान अवस्था में पड़ी मिली। बच्ची की हालत काफी बिगड़ी हुई थी।
स्वजन ने इसकी सूचना पुलिस को देकर बच्ची को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। होश में आने के बाद भी बच्ची बुरी तरह सहमी हुई थी। उसे गंभीर हालत के चलते चिकित्सक ने खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया।
इस मामले में पुलिस की जांच में सामने आया कि एक युवक को बच्ची के आसपास टहलते देखा गया। जांच के बाद पता चला कि वह युवक बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला नीरज था।
पुलिस ने उसको हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपित टूट गया। उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके बाद नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसको न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बच्ची की हालत अभी-भी गंभीर बनी हुई है।
