Sonipat Crime: वृद्ध महिला की हत्या का पर्दाफाश, बहू ने किया था सास का मर्डर; पुलिस ने किया गिरफ्तार
गन्नौर में थाना बड़ी पुलिस ने एक वृद्ध महिला की हत्या का खुलासा किया है। मृतका की बहू अनीता को गिरफ्तार किया गया है जिसे अदालत ने तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया है। मृतका के पुत्र ने बताया कि वह और उसकी पत्नी काम पर गए थे। पोस्टमार्टम में सिर पर चोट के निशान मिले। मृतका की बेटियों ने अनीता पर हत्या का आरोप लगाया था।

संवाद सहयोगी, गन्नौर। थाना बड़ी पुलिस ने मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए एक वृद्ध महिला की हत्या का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मृतका की बहू को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अदालत में पेश कर उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। गिरफ्तार महिला गांव पीपली खेड़ा के प्रवीण की पत्नी अनीता है।
21 अगस्त को थाना बड़ी को सूचना मिली थी कि किताबो देवी मृत अवस्था में अपने घर में पड़ी है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला का शव फर्श पर मिला और उसके नाक और मुंह से खून बह रहा था।
मृतका के पुत्र बड़ी औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड प्रवीण ने बताया कि घटना के समय वह और उसकी पत्नी अनीता दोनों अपने-अपने काम पर गए थे। दोपहर करीब ढाई बजे उसे सूचना मिली कि उसकी मां किताबो देवी को चोट लगी है और वह मृत अवस्था में घर में पड़ी हैं।
जिस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। पोस्टमार्टम में किताबो देवी के सिर पर किसी चीज से वार करने के निशान मिले, जिससे उसकी मौत हुई। इस पर थाना बड़ी पुलिस ने बाद में हत्या का केस दर्ज कर लिया था।
बेटियों ने जताया शक, बहू निकली हत्यारी
मृतका की बेटियों ने अपनी भाभी अनीता पर शक जताते हुए आरोप लगाया कि भाभी ने उनकी मां के साथ मारपीट कर हत्या की है। 20 अगस्त को उनकी भाभी अनीता ने उसकी मां के साथ झगड़ा व मारपीट की थी। इसकी जानकारी उनकी मां किताबों देवी ने उन्हें फोन पर दी थी।
उनकी मां ने यह कहा कि यदि दोबारा उसके साथ झगड़ा किया गया तो वह सारी जमीन अपनी बेटियों के नाम कर देगी। ऐसे में उन्होंने शक जताया कि उनकी मां की हत्या में उनकी भाभी का हाथ है। इस पर थाना बड़ी पुलिस ने अनीता के खिलाफ मामला दर्ज किया।
थाना प्रभारी महेश कुमार ने पुलिस टीम के साथ आरोपित महिला अनीता को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि किताबो देवी की हत्या में उसी का हाथ है। पुलिस ने महिला को अदालत में पेशकर कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।