Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लेडीज स्पेशल ट्रेन में बड़ा बदलाव, नई दिल्ली से चलने वाली इस ट्रेन में जोड़े गए तीन महिला कोच

    Updated: Sat, 13 Sep 2025 03:42 PM (IST)

    उत्तर रेलवे ने महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए लेडीज स्पेशल ट्रेन में बदलाव किया है। नई दिल्ली-पानीपत ट्रेन में महिलाओं के लिए आरक्षित तीन कोचों को अब एक साथ जोड़ा गया है जो पहले अलग-अलग थे। महिला यात्रियों की मांग पर यह फैसला लिया गया है जिससे उन्हें अब अधिक सुविधा मिलेगी। कोच संख्या 5 6 और 7 अब केवल महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।

    Hero Image
    उत्तर रेलवे ने महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए लेडीज स्पेशल ट्रेन में बदलाव किया है। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, सोनीपत। उत्तर रेलवे ने महिला यात्रियों की सुरक्षा कड़ी करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से लेडीज स्पेशल ट्रेन के कोच में बदलाव किया है। इसके तहत नई दिल्ली से पानीपत तक चलने वाली गाड़ी संख्या 64469/64470 लेडीज स्पेशल ट्रेन में महिलाओं के लिए आरक्षित तीन कोच एक साथ जोड़े गए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पहले ये तीनों कोच अलग-अलग थे। महिला यात्री लंबे समय से तीनों कोच एक साथ लगाने की मांग कर रही थीं। उत्तर रेलवे द्वारा उठाए गए इस कदम से महिला यात्रियों को फायदा हुआ है।

    पानीपत से नई दिल्ली तक चलने वाली लेडीज स्पेशल ट्रेन में 12 कोच हैं। पहले यह पूरी ट्रेन महिलाओं के लिए आरक्षित थी। शाम के समय नई दिल्ली से सोनीपत तक ट्रेन में काफी भीड़ रहती थी, लेकिन सोनीपत और पानीपत के बीच यात्रियों की संख्या नाममात्र होती थी।

    पुरुष यात्रियों की मांग पर रेलवे ने इस ट्रेन में पुरुष यात्रियों को यात्रा की अनुमति देते हुए सभी के लिए कोच आवंटित किए थे। जिसके तहत कोच संख्या दो, नौ और 11 महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए थे, बाकी में पुरुष यात्री यात्रा कर सकते थे।

    इसके बाद महिला यात्री तीनों कोच एक साथ लगाने की मांग कर रही थीं। महिला यात्रियों ने बताया कि उन्हें अलग-अलग जगहों पर खड़े होकर ट्रेन का इंतज़ार करना पड़ता है। कोच कहां आएगा, इसकी कोई जानकारी नहीं होती, ऐसे में उन्हें निर्धारित कोच में चढ़ने के लिए दौड़ना पड़ता है।

    महिला यात्रियों की मांग थी कि इन्हें एक जगह एक साथ लगाया जाए। उत्तर रेलवे ने अब महिला यात्रियों की इस मांग को पूरा करते हुए तीनों कोचों को ट्रेन के बीच में एक साथ लगा दिया है।

    अब महिला स्पेशल ट्रेन में कोच संख्या 5, 6 और 7 केवल महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। इन कोचों पर मोटे और लाल रंग से "महिला" लिखा गया है। ताकि अन्य यात्रियों को भी इस बदलाव की जानकारी हो।

    रेलवे ने महिला यात्रियों की सुरक्षा कड़ी करने और उन्हें बेहतर सुविधाएँ देने के उद्देश्य से ट्रेन की संरचना में बदलाव किया है। अब 12 कोच वाली ईएमयू ट्रेन के बीच में तीन महिला कोच एक साथ लगाए गए हैं। इस बदलाव से महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान और भी सुविधा मिलेगी और महिलाएं अधिक आत्मविश्वास और सहजता के साथ यात्रा कर सकेंगी।

    -हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे