Sonipat News: खाद आते ही लगी किसानों की भीड़, बांटने के लिए बुलानी पड़ी पुलिस
सोनीपत के गोहाना में सहकारी समिति की दुकान पर यूरिया खाद पहुंचने की खबर से किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्यवस्था बिगड़ने पर टोकन प्रणाली लागू की गई और पुलिस की मदद से खाद वितरण किया गया। क्षेत्र में खाद की कमी बनी हुई है जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। प्राइवेट दुकानों पर खाद के साथ कीटनाशक लेने की शर्त लगाई जा रही है।

जागरण संवाददाता, गोहाना। शहर में जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में द गोहाना सहकारी विपणन एवं प्रसाधन समिति की दुकान पर यूरिया की सप्लाई पहुंची। खाद आने का पता लगने पर यहां पर किसान पहुंचने लगे।
किसानों की अधिक भीड़ लगने पर अव्यवस्था फैलने लगी। इस पर अधिकारियों ने टोकन लगाकर खाद बांटने के लिए पुलिस बुलाई। पुलिस ने किसानों की लाइन लगवाई, जिसके बाद टोकन देने के बाद खाद दिया गया।
क्षेत्र में किसानों ने लगभग 1.30 लाख एकड़ में धान की रोपाई व बिजाई की है। धान की फसल में यूरिया की खुराक देनी है। क्षेत्र में यूरिया खाद की कमी बनी हुई है। किसान खाद लेने के लिए लगातार चक्कर लगा रहे हैं।
किसानों का कहना है कि प्राइवेट दुकानों पर जाते हैं तो वहां पर खाद के साथ कीटनाशक लेने की शर्त लगा दी जाती है। शुक्रवार को नई अनाज मंडी स्थित दि गोहाना सहकारी विपणन एवं प्रसाधन समिति लिमिटेड के यहां पर यूरिया के 4,700 बैग पहुंचे, जिनमें से 1,700 बैग किसानों को दिए गए।
शनिवार को क्षेत्र के दूसरे किसानों को सहकारी समिति की दुकान पर खाद आने का पता लग गया। सुबह कार्यालय खुलने से पहले ही किसान पहुंचना शुरू हो गए। सुबह नौ बजे जब कार्यालय खुला तो यहां पर किसानों की भीड़ लग गई। इसके बाद किसानों का लगातार आना लगा रहा।
खाद वितरण के लिए कर्मचारियों ने टोकन देने शुरू किए तो खिड़की के बाहर किसानों की भीड़ लग गई। किसान टोकन लेने के लिए एक-दूसरे को धकेलने लगे, जिससे अव्यवस्था फैलने लगी। इस पर पुलिस को बुलाया गया। शहर थाना से पुलिस पहुंची और किसानों को लाइन में लगाकर पहले टोकन दिए गए और उसके बाद खाद दिया गया। खाद वितरण का कार्य शाम सात बजे तक चला।
200 किसानों को मिले टोकन, बाकी खाली हाथ लौटे
समिति के यहां शनिवार को यूरिया के 3,000 बैग बचे थे। पहले आने वाले 200 किसानों को टोकन दिए गए। प्रत्येक किसान को 15-15 बैग देने के लिए टोकन दिए गए। यहां पर अधिक किसान गए। बाद में आने वाले कई किसानों को टोकन नहीं मिल पाए, जिससे उनको खाली हाथ लौटना पड़ा।
महिलाएं भी लगी लाइन में
खाद लेने के लिए किसानों के साथ उनके परिवारों से महिलाएं भी पहुंची। पुरुषों से अलग महिलाओं की लाइन लगाई गई। महिलाओं की लाइन छोटी लगती है। इसके चलते कुछ किसान परिवार की महिलाओं को साथ लेकर आए।
यूरिया के 40 हजार बैग की मांग की गई है। शुक्रवार को 4,700 बैग आए थे, जिसे किसानों को दे दिया गया। अगले सप्ताह खाद आ सकता है।
सतबीर, कैशियर, सहकारी समिति
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।