भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने किया सोनीपत के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा, हर संभव मदद का दिया भरोसा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने यमुना बाढ़ से प्रभावित राई हलके के गांवों का दौरा किया और पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ है और उन्हें राहत सामग्री और मुआवजा दिया जाएगा। किसानों से 15 सितंबर तक क्षतिपूर्ति पोर्टल पर नुकसान दर्ज कराने की अपील की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राहत कार्य जारी हैं।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने रविवार को राई हलके के यमुना बाढ़ प्रभावित गांव दहिसरा, भैरा बाकीपुर, मनाेली, मनोली टोंकी, जाजल टोंकी, बडौली, पबनेरा समेत आसपास के गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में हरियाणा सरकार किसानों और ग्रामीणों के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, मुआवजा और आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे 15 सितंबर तक खोले गए क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपनी खराब हुई फसलों की जानकारी दर्ज करें, ताकि पात्र किसानों को सटीक क्षतिपूर्ति दी जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक टीमें लगातार गांवों में जाकर नुकसान का आकलन कर रही हैं।
उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार विशेष निगरानी व राहत कार्यों की व्यवस्था कर रही है। मुख्यमंत्री ने भी स्पष्ट किया है कि प्रभावित परिवारों को त्वरित और न्यायसंगत सहायता दी जाएगी और किसी को मुआवजे से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में समाज के हर वर्ग को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन व स्वयंसेवी संगठनों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जयराम शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।