Sonipat Fire: बर्तन साफ करने के जूने बनाने वाली फैक्ट्री में आग, 10 दमकल गाड़ियों ने 5 घंटे में पाया काबू
शनिवार को गन्नौर के बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में बर्तन साफ़ करने के जूने बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई। आग लगने के तुरंत बाद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। 10 दमकल गाड़ियों ने 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।

संवाद सहयोगी, गन्नौर। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित बर्तन साफ करने के जूने बनाने वाली 410 नंबर फैक्ट्री में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई। फैक्ट्री के अंदर मौजूद कर्मचारियों और मजदूरों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेजी से फैल गईं कि आसमान में धुएं का गुबार छा गया।
आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन कई घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थिति को काबू में करने के लिए फैक्ट्री के सामने के शीशे तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज 2 में ए-वन फाइबर फैक्ट्री में बर्तन साफ करने के फोम और जाल के जूने बनाए जाते हैं। इन उत्पादों को चिपकाने के लिए केमिकल का उपयोग किया जाता है। कर्मचारियों के अनुसार घटना के समय करीब 40 से 50 कर्मचारी पहली मंजिल पर फोम के जूने बनाने का कार्य कर रहे थे।
उसी दौरान मोटर में शॉर्ट सर्किट होने से पास में रखे केमिकल में आग लग गई। आग लगते ही कर्मचारियों ने फैक्ट्री से निकलकर अपनी जान बचाई और घटना की सूचना थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। जब तक दमकल गाड़ियां पहुंचीं, आग पहली मंजिल से दूसरी मंजिल तक फैल चुकी थी।
आग बुझाने के लिए गन्नौर, बड़ी, सोनीपत, राई, कुंडली और समालखा से करीब 10 दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। गनीमत रही कि फैक्ट्री में रखे केमिकल के ड्रमों तक आग नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
फैक्ट्री चारों ओर से बंद होने के कारण आग बुझाने में कठिनाई आ रही थी। ऐसे में दमकलकर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए साथ लगती फैक्ट्री में गाड़ी खड़ी कर आग बुझाने का प्रयास किया। शीशे तोड़ने के बाद पानी की बौछारों से आग को काबू में लाया गया।
बड़ी थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। इस घटना में किसी प्रकार के जनहानि नहीं हुई है। करीब 10 दमकल गाड़ियों ने मिलकर आग पर काबू पाया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।