हरियाणा के इस जिले में CNG संकट गहराया, पेट्रोल पर निर्भर हुए वाहन चालक; जेब पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ
सोनीपत में गेल गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से सीएनजी की आपूर्ति तीसरे दिन भी बाधित रही। ऑटो टैक्सी और निजी वाहन चालक महंगे पेट्रोल का उपयोग करने को मजबूर हैं जिससे उनकी दैनिक आय पर असर पड़ रहा है। यमुना में जलस्तर बढ़ने से मरम्मत कार्य प्रभावित है। उपभोक्ताओं ने कंपनी से शीघ्र आपूर्ति बहाल करने की अपील की है।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। जिले में सीएनजी संकट लगातार तीसरे दिन भी बरकरार रहा। गेल गैस कंपनी की सप्लाई लाइन बागपत के पास यमुना नदी में पानी के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके चलते जिले के सभी सीएनजी स्टेशनों पर आपूर्ति ठप पड़ी है।
हालात यह हैं कि ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चालक सीएनजी के लिए भटकते रहे। सीएनजी नहीं मिलने से मजबूरी में महंगे पेट्रोल के सहारे गाड़ियों का परिचालन करना पड़ रहा है।
सीएनजी की कमी से सबसे ज्यादा परेशानी रोजाना सफर करने वाले वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। सीएनजी पर चलने वाले आटो व लोडिंग वाहन चालक बताते हैं कि जहां सीएनजी भरवाने में 450 से 550 रुपये का खर्च आता था।
वहीं अब पेट्रोल पर 700 से 800 रुपये खर्च हो रहे हैं। इस वजह से उनकी रोज की कमाई पर बड़ा असर पड़ रहा है। कई चालक तो यात्रियों से बढ़ा हुआ किराया मांगने को मजबूर हो गए हैं, जिस पर विवाद की नौबत भी बनने लगी है।
यह दिक्कत केवल ऑटो और टैक्सी चालकों तक सीमित नहीं है। निजी वाहन मालिक भी अतिरिक्त खर्च से परेशान हैं। दैनिक आवागमन करने वाले कर्मचारी पेट्रोल पर चलने से अपने मासिक बजट को लेकर चिंतित दिखाई दे रहे हैं। शहर के पेट्रोल पंपों पर भी भीड़ बढ़ने लगी है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर कंपनी की ओर से जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उन्हें लंबे समय तक आर्थिक बोझ झेलना पड़ेगा। खासकर आटो और कैब चालक, जिनकी रोजाना की कमाई इसी पर निर्भर है, वे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। आमजन ने कंपनी से अपील की है कि मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए और सीएनजी की आपूर्ति शीघ्र शुरू की जाए, ताकि राहत मिल सके।
यमुना से गुजर रही गेल गैस कंपनी की पाइपलाइन पानी के तेज बहाव से क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद सीएनजी की आपूर्ति बाधित हो गई थी। यमुना में जलस्तर अधिक होने के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित है। कंपनी उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द राहत देने के लिए वैकल्पिक रास्ता तलाश रही है। आपूर्ति को जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
दीपचंद, जीएम, गेल गैस, नोएडा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।