दिल्ली-NCR में यहां पर जमकर गरजा बुलडोजर, तीन घंटे तक हुई तोड़फोड़; प्राइवेट स्कूल भी ध्वस्त
सोनीपत की लक्ष्मण कॉलोनी में नगर निगम ने सरकारी रास्ते पर बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में एक निजी स्कूल का भवन भी तोड़ा गया। निगम की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा लेकिन पुलिस की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। निगम 33 फुट के रास्ते को पक्का करने की योजना बना रहा है जिसके लिए टेंडर भी हो चुका है।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। Bulldozer Action: सोनीपत शहर की लक्ष्मण कालोनी में सरकारी रास्ते पर कब्जा कर किए गए निर्माणों पर बृहस्पतिवार को बुल्डोजर चला। सरकारी रास्ते की जमीन पर एक निजी स्कूल का भवन भी बना रखा था, जिससे भी निगम की टीम ने गिराया। इस दौरान नगर निगम की टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा। हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में निगम ने रास्ते को कब्जा मुक्त करवा दिया।
वहीं, कब्जाधारियों को सरकारी कार्य में बाधा डालने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। कब्जा हटाने की कार्रवाई करीब तीन घंटे तक चली। इसी दौरान वहां पर किए गए 12 निर्माण गिराए गए।
नगर निगम की ओर से लक्ष्मण कालोनी के पास 33 फुट के सरकारी रास्ते को पक्का किया जाना है। इसके लिए टेंडर भी हो चुका है। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले नगर निगम की ओर से रास्ते का निरीक्षण किया गया था।
नगर निगम की टीम ने करीब एक माह पहले सरकारी रास्ते की निशानदेही की थी। इस दौरान लोगों की तरफ से कब्जे किए हुए मिले। निशानदेही की रिपोर्ट फाइनल होने के बाद निगम ने पहले कब्जाधारियों को नोटिस जारी करके कब्जा हटाने के निर्देश दिए।
उसके बाद भी लोगों ने सरकारी रास्ते से कब्जा नहीं हटाया गया। मंगलवार दोपहर बाद सहायक अभियंता अमित कुमार और भवन निरीक्षक वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम लक्ष्मण कालोनी में कब्जे हटाने पहुंची।
विरोध के मद्देनजर पुलिस बल की भी सहायता ली गई। कब्जाधारियों ने मौके पर नगर निगम की टीम का विरोध किया। इस दौरान टीम ने कब्जाधारियों से सरकारी रास्ते पर किए गए कब्जे से संबंधित कागजात मांगे, लेकिन कोई भी कब्जाधारी टीम को कागजात नहीं दिखा सके।
सरकारी रास्ते की जमीन पर निजी स्कूल का भवन भी बना रखा था। इस दौरान टीम ने एक-एक करके बुलडोजर के जरिए 12 कब्जे हटाए गए। साथ ही कब्जाधारियों को चेतावनी दी कि अगर दोबारा से कब्जा करने की कोशिश की तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।