यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शेयर मार्केट में कमाई का लालच देकर की 36 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
सोनीपत साइबर पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 36 लाख रुपये की ठगी के मामले में दो ...और पढ़ें

HighLights
- शेयर बाजार में 36 लाख की ठगी
- दो आरोपी गिरफ्तार, साइबर पुलिस की कार्रवाई
- फोन हैक कर 99 हजार निकाले
जागरण संवाददाता, सोनीपत। थाना साइबर पुलिस ने शेयर मार्केट में कमाई का लालच देकर युवक से 36 लाख रुपये की ठगी के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपित गुरलाभ पंजाब के अमृतसर और गुरमीत जिला सिरसा का रहने वाला है। ठगी के मामले में पुलिस ने शिकायत मिलते ही 8.23 हजार रुपये बैंक खातों में सीज करवा दिए थे, जो पीड़ित को वापस मिल गए थे। रिमांड के बाद आरोपितों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
माडल टाउन के रहने वाले अमित ने साइबर थाना पुलिस को बताया कि 23 मार्च को उनके वाट्सएप पर मैसेज आया। मैसेज करने वाली ने खुद को आइसीआइसीआइ सिक्योरिटी की कर्मचारी विनिता पटोदिया बताया।
मुफ्त में शेयर ट्रेडिंग सिखाने का प्रस्ताव दिया। उसने उन्हें एक ग्रुप में जोड़ दिया, जिसमें पहले से ही 127 लोग शामिल थे। उन्हें निवेश करने पर 20-30 प्रतिशत का मुनाफा मिलने का लालच दिया। साथ ही आइपीओ में निवेश पर दोगुना लाभ का वादा किया।
उन्होंने 23 मार्च से 24 अप्रैल के बीच आठ बार में उनके दिए खातों में 36.53 लाख रुपये डाल दिए। बाद में पता लगा कि उनके साथ ठगी की गई है।
शिकायत पर थाना साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। अब छानबीन कर आरोपित गुरलाभ और गुरमीत को गिरफ्तार किया है।
फोन हैक कर रुपये निकालने वाला पकड़ा
सोनीपत के खरखौदा में हुई एक अन्य घटना में क्राइम यूनिट, खरखौदा की पुलिस टीम ने धोखाधड़ी कर खाते से 99 हजार पांच सौ रुपये निकालने के मामले में एक आरोपित को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है।
आरोपित अखिलेश उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला है। गोपालपुर गांव के देवेंद्र ने 31 अगस्त, 2024 को शिकायत दी थी कि उसके वाट्सएप पर एक मैसेज आया, केवाईसी के नाम से मैसेज होने के चलते उसने जल्दबाजी में उस पर क्लिक कर दिया।
ऐसा करते ही उसके फोन ने काम करना बंद कर दिया और फोन हैक हो गया। इसके बाद उसके बैंक खाते से 99 हजार पांच सौ रुपये निकल गए, देवेंद्र का कहना है कि उसके डेबिट कार्ड से अमेजन-पे के माध्यम से यह पैसे कटे थे।
उसने साइबर फ्राड होने पर आनलाइन भी अपनी शिकायत दी है वहीं बाद में खरखौदा थाने में भी अपनी शिकायत देकर मामला दर्ज करवाया था।
इस मामले में क्राइम यूनिट खरखौदा में तैनात एसआइ रतन ने अखिलेश को प्रोडक्शन वारंट पर लिया, आरोपित को न्यायालय में पेश कर सात दिन के रिमांड पर लिया गया है, ताकि उससे मामले में पूछताछ की जा सके।
