परशुराम जयंती पर राज्य स्तरीय उत्सव की तैयारी जोरों पर, कैबिनेट मंत्री ने दिया न्योता
रोहतक के पहरावर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने बताया कि यह समारोह भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण है और हजारों परिवारों की आस्था का प्रतीक है। उन्होंने महर्षि कश्यप जयंती पर भी भाग लिया।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। रोहतक के पहरावर में 30 मई को भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे। यह जानकारी कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने सोनीपत मेंं गोहाना रोड स्थित ब्राह्मण भवन व गोहाना के सेक्टर-7 स्थित परशुराम आश्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि यह समारोह भावनात्मक स्तर पर जुड़ा हुआ है, जिससे प्रदेशभर के हजारों परिवारों की आस्था जुड़ी है। समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, मंत्री गौरव गौतम, केंद्र व राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, पालिकाओं व पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
महर्षि कश्यप जयंती पर मिला आध्यात्मिक संदेश : डॉ. अरविंद शर्मा
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गौड़ संस्था में प्रशासक नियुक्त कर संस्था को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया है। उन्होंने सर्व समाज को कार्यक्रम में आमंत्रित करते हुए कहा कि यह आयोजन गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा और 36 बिरादरी के सहयोग से ऐतिहासिक रूप लेगा। कैबिनेट मंत्री ने पत्रकारों से भी बातचीत की। इस अवसर पर डॉ. अरविंद शर्मा को ब्राह्मण सभा द्वारा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
वहीं, लहराड़ा गांव में महर्षि कश्यप जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भी मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना से समाज में अध्यात्म के प्रति जागरूकता आई है। उन्होंने महर्षि कश्यप की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और घोषणा की कि प्रदेश में एक सरकारी संस्थान का नाम महर्षि कश्यप के नाम पर रखा जाएगा।
कश्यप चौपाल के लिए 11 लाख की सहायता
उन्होंने लहराड़ा में महर्षि कश्यप की मूर्ति स्थापित कर चौक निर्माण व कश्यप चौपाल निर्माण के लिए 11 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की। कश्यप समाज के प्रतिनिधियों ने मारुति-सुजुकी प्लांट में युवाओं को रोजगार देने की मांग रखी, जिसे मंत्री ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक निखिल मदान, मेयर राजीव जैन और राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने भी महर्षि कश्यप के योगदान को भारतीय अध्यात्म और सामाजिक एकता का मार्गदर्शक बताया। इस मौके पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव अनिल ठक्कर, नीरज शर्मा, सूरत सिंह, चांदकरण शर्मा, जयभगवान शर्मा, रामफल शर्मा, पूर्णमल गौड़, रामधन शर्मा, सतीश शर्मा, नरेंद्र ठेकेदार, सुभाष गौड़ और अश्विनी कौशिक उपस्थित रहे।
गोहाना-बरोदा से हजारों की संख्या में पहुंचेंगे लोग
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम जन्मोत्सव के राज्य स्तरीय समारोह में गोहाना-बरोदा विधानसभा से हजारों की संख्या में सर्व समाज पहुंचेगा। वे शनिवार को सेक्टर 7 स्थित भगवान परशुराम आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद लोगों से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि सर्व समाज द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में रोजाना बैठक करके तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस मौके पर भगवान परशुराम आश्रम प्रधान सुभाष शर्मा, शिव कुमार शर्मा, श्यामलाल वशिष्ठ, सूरजमल शर्मा, कुलदीप कौशिक, विजय पुलत्स्य, रीना शर्मा, कमलेश सैनी, रमेश महाराज, भूपेंद्र मुद्गिल, प्रवीण खुराना, रणधीर लठवाल, कृष्ण सैनी, अरुण निनानिया, प्रभु व रामू वाल्मीकि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।