Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वर्दी पहनकर थाने पहुंची नकली इंस्पेक्टर, पुलिसकर्मियों पर झाड़ा रौब; एक गलती से खुल गई युवती की पोल

    Updated: Wed, 23 Apr 2025 11:54 AM (IST)

    सोनीपत से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां एक युवती पुलिस इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर महिला थाने पहुंची और पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ने लगी। वह एक अन्य महिला के मामले में पैरवी करने आई थी। शक होने पर पुलिस ने पूछताछ की तो उसकी पोल खुल गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामला दर्ज कर दो दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।

    Hero Image
    पुलिस की गिरफ्त में आरोपित महिला। फोटो सौजन्य- जागरण

    जागरण संवाददाता, सोनीपत। एक युवती पुलिस इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर महिला थाने पहुंच गई। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों पर रौब भी झाड़ा। युवती अपने साथ आई महिला के पति के खिलाफ दी गई शिकायत पर कार्रवाई करने का दबाव बना रही थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शक होने पर पुलिस ने पोस्टिंग सहित कई अन्य चीजें पूछी तो युवती की पोल खुल गई। जिसके बाद सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। आरोपित युवती को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।

    क्या है पूरी घटना?

    सोमवार देर शाम महिला थाना में महिला इंस्पेक्टर की वर्दी में पहुंची युवती ने थाने में तैनात मुख्य सिपाही ज्योति को बताया कि उसकी जानकार महिला सुदेश ने पहले गोहाना थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दी थी, लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए, अब वह यहां शिकायत दर्ज कराना चाहती है।

    कैसे खुला युवती का भेद

    प्रियंका ने खुद का परिचय रोहतक में तैनात महिला इंस्पेक्टर प्रियंका के रूप में दिया। महिला पुलिसकर्मी ज्योति को प्रियंका के तौर-तरीकों और जवाबों पर संदेह हुआ। जब उन्होंने उसकी पोस्टिंग और अन्य औपचारिकताओं के बारे में पूछा तो प्रियंका कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाई।

    संदेह होने पर ज्योति ने तुरंत उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। जिन्होंने मौके पर पहुंचकर युवती से पूछताछ की। जिसके बाद उसका भेद खुल गया। पुलिस ने मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

    भिवानी की है आरोपित, रहती है कथूरा में 

    पूछताछ करने पर युवती ने अपना परिचय भिवानी जिले के प्रहलादगढ़ गांव की रहने वाली प्रियंका के तौर पर दिया। वह वर्तमान में कथूरा गांव में सोनू नामक युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही है। उसके साथ सुदेश नामक एक महिला भी थी, जो गोहाना की मांगेराम कालोनी की रहने वाली है और जिसने अपने पति चरण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई हुई है। इसी मामले में प्रियंका पैरवी करने के लिए आई थी।

    खुद को पुलिसकर्मी बता, महिला को साथ लाई 

    प्रियंका के साथ आई महिला सुदेश कथूरा गांव की रहने वाली है और उसकी शादी गोहाना में हुई है। पति के साथ अनबन के कारण वह अपने गांव में रहकर कपड़े सिलाई का काम करती है।

    वहीं, लिव इन में रहने वाली प्रियंका कपड़े सिलवाने के लिए सुदेश के पास आई थी। इसी दौरान सुदेश ने प्रियंका को अपने पारिवारिक विवाद के बारे में बताया था, जिसके बाद प्रियंका ने खुद को पुलिस में बताकर उसकी मदद करने का दावा किया था।

    महिला ने प्रियंका के कहने पर पति के खिलाफ दी शिकायत

    प्रियंका के कहने पर ही सुदेश ने गोहाना शहर थाने में अपने पति के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत वापस ले ली थी। उसने थाने में लिखित रूप में दिया था कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहती।

    प्रियंका ने उसे विश्वास दिलाया था कि सोनीपत महिला थाने में उसके जानकार प्रभारी हैं और वहां शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई करवाएंगी।। इसी झांसे में आकर महिला शिकायत दर्ज कराने महिला थाने पहुंची थीं, जहां प्रियंका की असलीयत सामने आई।

    आरोपित युवती पुलिस इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर थाने आई थी और खुद को रोहतक, गुरुग्राम और नारनौल में एसएचओ बता रही थी। पूछताछ में विरोधाभास पाए जाने पर संदेह हुआ और उसकी असलियत सामने आ गई। पूछताछ के लिए आरोपित युवती को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पता लगाया जाएगा कि क्या वो पहले भी ऐसा कर चुकी है। किसी मामले में उसकी संलिप्तता तो नहीं है।

    - महेश कुमार, प्रभारी, थाना शहर

    comedy show banner
    comedy show banner